हिंदी काे बढ़ावा देने की बेहद आवश्यकता

ईएसआईसी हॉस्पिटल द्वारा आयोजित राजभाषा सम्मेलन में वक्ताओं ने व्यक्त की राय

    18-Apr-2026
Total Views |
 
bfbf

पुणे, 17 अप्रैल (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)

कर्मचारी राज्य बिमान निगम के बिबवेवाडी स्थित ईएसआईसी अस्पताल द्वारा होटल उत्सव डीलक्स में शुक्रवार (17 अप्रैल ) को एक दिवसीय राजभाषा सम्मेलन का सफल आयोजन किया गया. इस सम्मेलन का उद्देश्य भारत सरकार की राजभाषा नीति के अनुरूप सरकारी कार्यों में हिंदी के प्रभावी क्रियान्वयन एवं उसके व्यापक उपयोग को बढ़ावा देना था. कार्यक्रम की अध्यक्षता ईएसआईसी अस्पताल के डीन, डॉ. प्रदीप गायकवाड़ ने की. अपने अध्यक्षीय संबोधन में उन्होंने प्रशासनिक एवं तकनीकी कार्यों में हिंदी के प्रयोग को बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया, जिससे शासन व्यवस्था में भाषायी समावेशन को सुदृढ़ किया जा सके. सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति के सचिव डॉ. मनोज खरे उपस्थित रहे. उन्होंने अपने संबोधन में सरकारी कार्यों में हिंदी के उपयोग को बढ़ाने हेतु निरंतर प्रयास एवं संस्थागत प्रतिबद्धता की आवश्यकता पर प्रकाश डाला. सम्मेलन में विशिष्ट वक्ताओं के रूप में डॉ. सुधीर मिश्रा, संयुक्त निदेशक, सी-डैक; श्याम कुमार, संयुक्त निदेशक (राजभाषा), ईएसआईसी मुख्यालय; तथा राजेश शर्मा, उपनिदेशक (राजभाषा), ईएसआईसी मुख्यालय ने अपने विचार व्यक्त किए. डॉ. सुधीर मिश्रा ने सी-डैक द्वारा विकसित तकनीकी उपकरणों पर व्याख्यान प्रस्तुत किया, जिनके माध्यम से हिंदी को कंप्यूटर उपयोग के लिए अधिक अनुकूल बनाया जा रहा है, जिससे ई-गवर्नेंस एवं डिजिटल कार्यप्रणाली में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा मिल सके. सम्मेलन के दौरान राजभाषा से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई, जिनमें संघ की राजभाषा नीति, राजभाषा संबंधी संवैधानिक प्रावधान, राजभाषा अधिनियम, 1963, राजभाषा नियम, 1976 तथा वार्षिक कार्यक्रम 2025-26 शामिल थे. साथ ही, ई- ऑफिस में हिंदी के प्रयोग एवं उसके प्रभावी क्रियान्वयन पर भी विचार-विमर्श किया गया. इस अवसर पर डॉ. विभूति आंबावडे, चिकित्सा अधीक्षक; डॉ. नीना, सहायक चिकित्सा अधीक्षक, अनंत कुमार वर्मा, उपनिदेशक (प्रशासन), राकेश कुमार सिंह, सहायक निदेशक (राजभाषा प्रभारी), सुशील कुमार, उपनिदेशक , एस. के. शर्मा, उपनिदेशक, अभय कुमार, सहायक निदेशक तथा धर्मेंद्र कुमार, सहायक निदेशक भी उपस्थित रहे. सम्मेलन में बिबवेवाडी के ईएसआईसी अस्पताल एवं उप क्षेत्रीय कार्यालय के चिकित्सकों, नर्सिंग अधिकारियों, लिपिकीय कर्मचारियों तथा अन्य अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. कार्यक्रम का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि सरकारी कार्यों में हिंदी के प्रयोग को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा तथा इसके प्रभावी क्रियान्वयन हेतु नवीन तकनीकों एवं उपायों को अपनाया जाएगा.