मुंबई, 18 अप्रैल (वि.प्र.) भारतीय रेल यातायात सेवा के 2010 बैच के अधिकारी आदिश पठानिया ने पश्चिम रेलवे के मुंबई सेंट्रल मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ( सीनियर डीसीएम) का पदभार ग्रहण कर लिया है. पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पठानिया एक अनुभवी रेलवे अधिकारी हैं, जिनके पास रेलवे परिचालन, वाणिज्य प्रबंधन एवं प्रशासन के क्षेत्र में एक दशक से अधिक का अनुभव है. अपने सेवा काल के दौरान आपने उपनगरीय परिचालन, माल परिवहन लॉजिस्टिक्स, स्टेशन प्रबंधन तथा वाणिज्यिक रणनीति से संबंधित महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया है. पठानिया ने पॉलिटिकल साइंस में परास्नातक की उपाधि प्राप्त की है. इनका व्यावसायिक सफर विभिन्न रेलवे जोन में विविध अनुभवों से परिपूर्ण रहा है. आपने अपने करियर की शुरुआत उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल में सहायक परिचालन प्रबंधक के रूप में की. इसके पश्चात आपने पश्चिम रेलवे में सहायक यातायात प्रबंधक (सबर्बन), मंडल परिचालन प्रबंधक तथा एरिया मैनेजर जैसे विभिन्न पदों पर कार्य किया. आपने कंटेनर कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड, अहमदाबाद में महाप्रबंधक (वाणिज्य एवं परिचालन) के रूप में भी सेवाएं दी ह्ैं. मध्य रेल में आपने वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक (समन्वय), मुंबई तथा बाद में उप मुख्य परिचालन प्रबंधक (गुड्स) के रूप में कार्य किया. अब आपने पश्चिम रेलवे के मुंबई सेंट्रल मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक के रूप में अपना वर्तमान दायित्व संभाला है. मुंबई सेंट्रल में पूर्व में महत्वपूर्ण परिचालन पदों पर कार्य करने के कारण पठानिया मुंबई की रेलवे प्रणाली की कार्यप्रणाली से भली-भांति परिचित हैं.