हरियाणा के पानीपत में आसाराम केस के मुख्य गवाह महेंद्र चावला काे पुलिस ने गिरफ्तार किया है. महेंद्र ने एक केस में सरपंच से ब्लैकमेल कर 70 लाख रुपए हड़प लिए.रुपए देने के बाद भी आराेपी 80 लाख रुपए की डिमांड करता रहा. महेंद्र काे रुपए देने की अब एक वीडियाे भी सामने आई है, जिसमें एक व्यक्ति बैग ले जाता दिख रहा है. दावा किया जा रहा है कि महेंद्र का भाई एक मीडिएटर के घर से बैग में 70 लाख रुपए कैश ले गया. सीआईए ने मामले में कार्रवाई करते हुए महेंद्र, भाई देवेंद्र और भतीजे राम काे गिरफ्तार कर लिया है. वहीं पुलिस ने महेंद्र की मां गाेपाली देवी के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कर ली है. इस पूरे घटनाक्रम की शुरुआत दिसंबर 2025 में हुई्. शिकायतकर्ता भगत सिंह के अनुसार, महेंद्र और सनाैली गांव के सरपंच संजय त्यागी का काेई काेर्ट केस चल रहा है. इसी काे लेकर महेंद्र की मां गाेपाली देवी उनके पास आई. उन्हाेंने कहा कि हमारे मुकदमे में करीब एक कराेड़ रुपए खर्च हाे गए हैं. भगत सिंह के अनुसार, गाेपाली देवी ने कहा- अगर वाे सरपंच संजय से उन्हें ये रुपए दिला दे ताे वे काेर्ट में संजय के पक्ष में गवाही दे देंगे.