पिंपरी, 24 अप्रैल (आ.प्र) पिंपरी-चिंचवड़ एजुकेशन ट्रस्ट (पीसीईटी) के निगड़ी स्थित पिंपरी चिंचवड़ कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग (पीसीसीओई) में आयोजित ‘पीसीसीओई जॉब फेयर 2026’ रोजगार निर्माण की दिशा में एक बड़ा मील का पत्थर साबित हुआ है. इस मेगा जॉब फेयर में देश की 205 प्रतिष्ठित कंपनियों ने हिस्सा लिया, जिसमें कड़ी चयन प्रक्रिया के बाद 2,223 विद्यार्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए. भारत सरकार के बोर्ड ऑफ अप्रेंटिसशिप ट्रेनिंग (बीओटी), एमटीपीओ, एम्जा आईटीपीओ के सहयोग से आयोजित इस मेले में 15,000 से अधिक रिक्तियों के लिए आवेदन मांगे गए थे. पीसीईटी सेंट्रल प्लेसमेंट सेल के डीन डॉ. शीतलकुमार रवंदले ने बताया कि इस उपक्रम के लिए कुल 13,991 उम्मीदवारों ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया था. मेले में डिप्लोमा, स्नातक और स्नातकोत्तर छात्रों के लिए नौकरी, अप्रेंटिसशिप और इंटर्नशिप के ढेरों अवसर उपलब्ध थे. जॉब फेयर में ऑटोमोबाइल, आईटी और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर की नामी कंपनियों ने सक्रिय भागीदारी की. इनमें प्रमुख रूप से ऑटोमोबाइल इंजीनियरिंग की टाटा मोटर्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा, हुंडई, फिएट इंडिया, पियाजियो, टाटा ऑटोकॉम, कमिन्स इंडिया, और जेबीएम ऑटो, एटलस कॉपको, शिंडलर इंडिया, फोर्ब्स मार्शल, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, ईटन, सैंडविक, और हार्मन इंटरनेशनल, भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल), बी. जी. शिर्के कंस्ट्रक्शन और कॉन्टिनेंटल शामिल रहीं. रोजगार मेले का उद्घाटन (बीओटी) के निदेशक पी. एन. जुमले और उपनिदेशक एन. एन. वड़ोदे के हाथों हुआ. इस अवसर पर वडोदे ने सुझाव दिया कि कंपनियों को डिप्लोमा के साथसाथ डिग्री धारक छात्रों को भी अधिक से अधिक अवसर देने चाहिए. कॉर्पोरेट मामलों के मंत्रालय की उपनिदेशक ऋजुता बनकर और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे. इस सफलता के पीछे पीसीईटी के अध्यक्ष ज्ञानेेशर लांडगे, सचिव विठ्ठल कालभोर, कार्यकारी निदेशक डॉ. गिरीश देसाई और पीसीसीओई के निदेशक डॉ. गोविंद कुलकर्णी का विशेष मार्गदर्शन रहा. इतनी बड़ी संख्या में नियुक्तियों से छात्रों में खुशी की लहर है.