हरिद्वार/पुणे, 24 अप्रैल (आ. प्र.) अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत की राष्ट्रीय साधारण सभा हाल ही में हरिद्वार में सफलतापूर्वक संपन्न हुई. इस सभा में देश के 36 राज्यों से कुल 276 प्रतिनिधि उपस्थित थे, जिनमें 46 महिला प्रतिनिधियों का भी समावेश था. शांतिकुंज परिसर के मुख्य प्रबंधक योगेंद्र गिरि इस त्रि-दिवसीय सभा के उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे. अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि, ग्राहक पंचायत और गायत्री परिवार समान उद्देश्यों के साथ कार्य कर रहे हैं एक आध्यात्मिक क्षेत्र में और दूसरा सामाजिक क्षेत्र में.राष्ट्रीय महासभा में विभिन्न संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा करने के बाद, तीन महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए, जिसमें शोषण मुक्त, गुणवत्तापूर्ण, किफायती और सभी के लिए सुलभ शिक्षा सुनिश्चित करना, बच्चों के लिए सोशल मीडिया को विनियमित करने हेतु एक प्रभावी कानून लागू किया जाना और ऊर्जा संकट के समय में उपभोक्ताओं और उपभोक्ता संगठनों को सरकार के साथ खड़ा होना चाहिए, ये प्रस्ताव इसमें शामिल थे. वर्तमान वैेिशक स्थिति के संदर्भ में, विशेष रूप से पारित तीसरे प्रस्ताव में, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेल की कीमतें बढ़ने के बावजूद पेट्रोल और डीजल के दामों में वृद्धि न कर जनता को राहत देने के लिए भारत सरकार का आभार व्यक्त किया गया. संत शिरोमणी सद्गुरू श्री रविदासजी की 650वीं जयंती के अवसर पर, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की प्रतिनिधि सभा में सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले का वक्तव्य भी पढ़कर सुनाया गया. कार्यक्रम में अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत की ओर से तैयार की गई एक स्मारिका का भी विमोचन किया गया. इस विमोचन के अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष नारायणभाई शाह, उपाध्यक्ष अशोक पांडे और संगठन मंत्री दिनकर सबनीस, सूर्यकांत पाठक, नेहाताई जोशी, जयंत कथिरिया के साथ ही विभिन्न प्रांतों के प्रांत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, संगठन मंत्री आदि सहित कुल 238 सदस्य उपस्थित थे.