निवेश लाने ‌‘पुणे ग्रोथ हब प्रारूप‌’ को अंतिम रूप दें

डॉ. नितिन करीर ने दिया सुझाव : वी. राधा ने वीडियो कांफ्रेंसिंग से जानकारी ली

    25-Apr-2026
Total Views |
bgb

 पुणे, 24 अप्रैल (आ.प्र.)
पुणे ग्रोथ हब के कारण स्टार्टअप, आईटी और विनिर्माण क्षेत्र में बड़ा निवेश होगा. इसलिए ग्रोथ हब परियोजनाओं के लिए पुणे के आर्थिक क्षेत्र के दीर्घकालिक दृष्टिकोण को ध्यान में रखते हुए समावेशी नियोजन करें, ऐसा सुझाव राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष डॉ. नितिन करीर ने हाल ही में दिया. नीति आयोग, राज्य सरकार और पीएमआरडीए की महत्वाकांक्षी योजना पुणे ग्रोथ हब प्रारूप का सामान्य प्रशासन विभाग की अपर मुख्य सचिव वी. राधा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से गुरुवार को जायजा लिया. उन्होंने निर्देश दिए कि संबंधित विभाग बैठकें कर समन्वय के साथ अंतिम प्रारूप तैयार करने की प्रक्रिया में तेजी लाएं. इस अवसर पर संभागीय आयुक्त कार्यालय से डॉ. करीर, संभागीय आयुक्त डॉ. चंद्रकांत पुलकुंडवार, महामेट्रो के प्रबंध निदेशक श्रवण हर्डीकर, पिंपरी चिंचवड नगर निगम आयुक्त डॉ. विजय सूर्यवंशी, पीएमआरडीए की अतिरिक्त आयुक्त के. मंजुलक्ष्मी, पीएमपीएल के एमडी महेश आव्हाड, पुणे नगर निगम की अतिरिक्त आयुक्त पवनीत कौर, जिलाधिकारी जितेंद्र डुडी, जिला परिषद के सीईओ गजानन पाटिल और विभिन्न विभागों के अधिकारी व सलाहकार कंपनियों के प्रमुख उपस्थित थे. डॉ. करीर ने कहा कि परियोजनाओं के प्रभावी कार्यान्वयन के लिए सभी संबंधित विभाग विस्तृत बैठकें करें और प्रत्येक विभाग के भविष्य के दृष्टिकोण, जरूरतों व प्राथमिकताओं को समझते हुए इस कार्य को प्राथमिकता दें. इस दौरान प्रस्तुतीकरण के माध्यम से परियोजनाओं की प्रगति, आर्थिक एवं जीवन स्तर सूचकांकों का निर्माण, उत्पादन, बुनियादी ढांचा, कनेक्टिविटी और शहरी विकास क्षेत्रों पर गहन अध्ययन एवं कार्यान्वयन का दृष्टिकोण, आर्थिक, जीवन स्तर, स्थिरता व समावेशिता पर आधारित डेटा-आधारित नियोजन, सरकारी-निजी भागीदारी व निवेश नियोजन पर जोर और एकीकृत क्षेत्रीय नियोजन पर विशेष ध्यान देने के संबंध में जानकारी दी गई.