चाकण-शिक्रापुर राेड पर जानलेवा गड्ढे

    26-Apr-2026
Total Views |
 

chakan 
 
शिक्रापुर नेशनल हाइवे 543-डी पर साबलेवाड़ी (ता. खेड़) के पास स्थित एक विशाल गड्ढा वाहन चालकाें और स्थानीय नागरिकाें के लिए काल बन गया है. इस समस्या काे लेकर खेड़ पंचायत समिति की सभापति विद्या माेहिते ने कड़ा रुख अपनाते हुए प्रशासन काे चेतावनी दी है कि यदि यह गड्ढा तुरंत नहीं भरा गया, ताे वे तीव्र आंदाेलन छेड़ेंगी.चाकण-शिक्रापुर मार्ग पर साबलेवाड़ी घाट के चढ़ाव पर यह बड़ा गड्ढा स्थित है. घाट चढ़ते समय भारी वाहनाें के पहिए इस गड्ढे में फंस जाते हैं, जिससे गाड़ियां बीच सड़क पर ही बंद पड़ जाती हैं. इसके कारण इस मार्ग पर घंटाें तक यातायात ठप हाे जाता है. साथ ही, गड्ढा बचाने के चक्कर में छाेटे-बड़े वाहन आपस में टकरा रहे हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हाे रही हैं. नागरिकाें की बढ़ती शिकायताें के बाद सभापति विद्या माेहिते ने स्वयं साबलेवाड़ी जाकर सड़क की स्थिति का जायजा लिया. उन्हाेंने माैके से ही सार्वजनिक निर्माण विभाग के इंजीनियर कदम काे फाेन कर स्थिति की गंभीरता से अवगत कराया. सभापति ने बताया कि इंजीनियर ने जल्द से जल्द मरम्मत कार्य पूरा करने का आश्वासन दिया है. इस अवसर पर बाजार समिति के निदेशक सयाजीराजे माेहिते, सरपंच गणेश काटकर, रायबा साबले, अश्विनी काटकर, अदिक साबले, दिलीप साबले और विजय साबले सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे.