कात्रज में दो दिवसीय ‌‘कन्या किशोर कौशल संस्कार शिविर‌’ संपन्न

गायत्री परिवार के संयुक्त प्रयास से 25 बालिकाओं व किशोरों को व्यक्तित्व विकास, योग व संस्कारों का प्रशिक्षण

    27-Apr-2026
Total Views |

bd
 
 


कात्रज, 26 अप्रैल (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)

कात्रज स्थित श्री नारायणी धाम में गायत्री परिवार के संयुक्त सौजन्य से 11 व 12 अप्रैल 2026 को दो दिवसीय कन्या किशोर कौशल संस्कार शिविर का आयोजन किया गया. शिविर का समय प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक निर्धारित था. कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं गुरुपूजन के साथ श्याम गोयल एवं आशा अग्रवाल के हाथों द्वारा किया गया. शांतिकुंज हरिद्वार से प्रशिक्षित प्रशिक्षकों बी.आर. सराटकर, रमेश कोरडे, माधुरी देशपांडे, योगाचार्य, प्रेरणा पाटिल, प्रीति लाप्सेटवार एवं सरिता देशमुखने विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान किया. शिविर में गायत्री मंत्र का महत्व, बुद्धि विकास के उपाय, मित्रता की कला, योगप्राणाय ाम, दिनचर्या से व्यक्तित्व निर्माण, कहानियों के माध्यम से विकास, आदतों का प्रभाव, सनातन संस्कृति के तत्व, जल संरक्षण, तथा सोशल मीडिया के दुष्परिणामों से बचाव जैसे विषयों पर संस्कारक्षम वातावरण में प्रशिक्षण दिया गया. इस शिविर में 25 पंजीकृत बालिकाओं एवं किशोरों ने सक्रिय सहभागिता निभाई और पूरे मनोयोग से प्रशिक्षण का लाभ लिया. श्रीमती आशा अग्रवाल ने श्री नारायणी धाम संस्थान के माध्यम से इस पहल की शुरुआत की, जिसमें सभी सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा. श्री नारायणी धाम द्वारा शिविर के लिए समुचित व्यवस्थाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं. आयोजन का उद्देश्य बच्चों की दिनचर्या में सकारात्मक परिवर्तन लाकर उन्हें सुदृढ़ एवं सशक्त नागरिक बनाना था. शिविर के दौरान यज्ञ-विज्ञान का परिचय देते हुए गायत्री यज्ञ भी संपन्न कराया गया, जिसमें कई बच्चों ने पहली बार आहुतियां दीं और विशेष उत्साह प्रकट किया. ज्ञात हो कि आशा अग्रवाल एवं महिला मंडल द्वारा यहां प्रति माह निर्धारित रविवार को पुंसवन संस्कार सहित अन्य संस्कार कार्यक्रम भी नियमित रूप से आयोजित किए जाते हैं, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं भाग लेती हैं.