पुणे, 27 अप्रैल (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क ) प्रधान आयकर आयुक्त (3) पुणे के तत्वाधान में सातारा रेंज द्वारा नवीन आयकर अधिनियम 2025 पर चर्चा हेतु, सोमवार (27 अप्रैल) को आउटरीच कार्यक्रम के तहत सातारा शहर के नरीमन हॉल में कार्यक्रम का आयोजन किया गया. सातारा रेंज के संयुक्त आयकर आयुक्त, उप आयकर आयुक्त, आयकर अधिकारियों के साथ शहर के विभिन्न औद्योगिक और व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि, आई सी ए आई (डब्लू आई आर सी) के पदाधिकारी एवं अन्य प्रैक्टिसनर तथा व्यवसायी सम्मिलित हुए. आयकर कार्यालय द्वारा आयकर कानून में हुए बदलाव, पृष्ठभूमि तथा इसकी आवश्यकता पर चर्चा की गई. संयुक्त आयकर आयुक्त अजितेश मीना ने इस रिफॉर्म की चुनौतियों और संबंधित तैयारियों पर विभाग की रणनीति साझा की. आई सी ए आई सातारा के चैयरमैन ने विभाग के इस नए एक्ट को सफल बनाने के लिए हर संभव सहयोग का भरोसा जताया. उप आयकर आयुक्त सुनील कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया तथा उम्मीद जताई कि, नया सरल और आसान कानून आम जनता को आसानी से समझ आयेगा जिससे स्वैच्छिक अनुपालन बढेगा तथा अनावश्यक कानूनी विवाद कम होगा.