मुंबई/पुणे, 28 अप्रैल (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क) मनपा के आयुक्त नवल किशोर राम का द्वितीय सेवा अधिकार दिवस के अवसर पर राज्यस्तरीय समारोह में सम्मान किया गया. मुंबई स्थित सह्याद्रि राज्य अतिथि गृह में यह समारोह 28 अप्रैल 2026 को संपन्न हुआ. महाराष्ट्र राज्य सेवा अधिकार अधिनियम, 2015 के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु सूचना प्रौद्योगिकी का उपयोग कर पुणे मनपा द्वारा संचालित नवोन्मेषी उपक्रमों की सराहना करते हुए यह सम्मान प्रदान किया गया. राज्य के मुख्य सचिव राजेश अग्रवाल के हाथों यह सम्मान प्रदान किया गया, जबकि महाराष्ट्र राज्य लोक सेवा अधिकार आयोग के प्रमुख मनुकुमार श्रीवास्तव की प्रमुख उपस्थिति रही. सामान्य प्रशासन विभाग तथा महाराष्ट्र राज्य सेवा अधिकार आयोग के संयुक्त तत्वावधान में इस राज्यस्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया था. पुणे मनपा द्वारा नागरिकों को अधिक तीव्र और सुलभ सेवाएं प्रदान करने हेतु पीएमसी 360 इस संकल्पना को लागू किया जा रहा है. इसके अंतर्गत संकेतस्थल, सेवा पोर्टल, शिकायत निवारण तंत्र, डीबीटी पोर्टल, ऑनलाइन भुगतान, ई-हस्ताक्षर, क्यूआर कोड प्रमाणीकरण, व्हॉट्सएप बॉट, आपले सरकार पोर्टल तथा पीएमसी केयर इंटरफेस जैसी विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं. पिछले एक वर्ष में इन सभी प्रणालियों का अपडेट किए जाने के कारण लोक सेवा अधिकार अधिनियम का क्रियान्वयन अधिक सुलभ, तीव्र और नागरिक केंद्रित हो गया है. आयुक्त नवल किशोर राम के मार्गदर्शन में मनपा के अधिकारी और कर्मचारी इन उपक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन कर रहे हैं, जिसकी राज्य सेवा अधिकार आयोग द्वारा विशेष सराहना की गई है.