किराए के विवाद में एक ही परिवार के 4 पर जानलेवा हमला : घर में घुसकर महिलाओं काे भी पीटा, केस दर्ज

    29-Apr-2026
Total Views |
 

FIR 
 
शहर के माेशी परिसर स्थित बाेऱ्हाडेवाड़ी में घर के किराए काे लेकर उपजा विवाद एक खूनी संघर्ष में तब्दील हाे गया. आराेपियाें ने आपसी रंजिश में एक ही परिवार के चार सदस्याें पर लाेहे की राॅड और कीलाें से जड़ी लकड़ी की फट्टी से जानलेवा हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया.इस हमले में महिलाओं सहित परिवार के चार सदस्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना रविवार (26 अप्रैल) शाम करीब सात बजे की है. फरियादी जयश्री बालू जाधव (उम्र-45 वर्ष) अपने घर पर थीं, तभी आराेपियाें ने किराए की बात पर विवाद शुरू किया.
 
देखते ही देखते आराेपियाें ने घर के भीतर प्रवेश किया और अपशब्द कहते हुए हिंसक हमला कर दिया. शिकायत में दी गई जानकारी के अनुसार, आराेपियाें ने पहले कील लगी हुई लकड़ी की फट्टी से जयश्री और पूजा के सिर पर जानलेवा हमला किया. आराेपी सारिका बाेऱ्हाड़े ने जयश्री की बुजुर्ग सास सावित्रा के साथ हाथापाई और बेरहमी से मारपीट की. वहीं, निशा बाेऱ्हाडे ने लाेहे की राॅड से जयश्री के भाई मंगेश की आंख पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया. इस मामले में जयश्री जाधव की शिकायत पर एमआईडीसी भाेसरी पुलिस ने साेमवार (27 अप्रैल) काे एफआईआर दर्ज की है. इस मामले में आराेपी सारिका सुभाष बाेऱ्हाड़े (उम्र-40 वर्ष), आदित्य सुभाष बाेऱ्हाड़े (उम्र-20 वर्ष), निशा सुभाष बाेऱ्हाड़े (उम्र-18 वर्ष)(सभी निवासी: बाेऱ्हाडेवाड़ी, माेशी) के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है.