वीआरडीई ने बनाया नया ‌‘विक्रम‌’ एडवांस आर्मर्ड व्हीकल

टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स और भारत फोर्ज के साथ मिलकर 3 साल में तैयार किया

    29-Apr-2026
Total Views |
 
nhjnhj
पुणे, 28 अप्रैल (आ. प्र.)

महाराष्ट्र के अहिल्यानगर में ‌‘विक्रम वीटी-21‌’ एडवांस्ड आर्मर्ड प्लेटफॉर्म (ट्रैक्ड और व्हील्ड) लॉन्च किया गया. वीआरडीई ने टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स और भारत फोर्ज के साथ मिलकर इसे 3 साल में तैयार किया है. इसमें 30 मिमी क्रूलेस टरेट, एटीजीएम लॉन्चर और हाइड्रो जेट के जरिए पानी पार करने की क्षमता है. भारतीय सेना के लिए यह एक ‌‘गेम चेंजर‌’साबित हो सकता है. वाहन अनुसंधान एवं विकास प्रयोगशाला (वीआरडीई) ने टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड और भारत फोर्ज लिमिटेड के साथ मिलकर इस पर काम किया है. ‌‘विक्रम‌’ को भारतीय सेना के इन्फैंट्री कॉम्बैट व्हीकल और आर्मर्ड पर्सनल कैरियरदोनों भूमिकाओं के लिए डिजाइन किया गया है. यानी यह पैदल सैनिकों को युद्ध के मैदान तक ले जाने, उन्हें सुरक्षा प्रदान करने और दुश्मन से लड़ने तीनों कार्य करने में सक्षम है. दोनों वर्जन में देश में विकसित 30 मिमी की क्रूलेस टरेट लगाई गई है. क्रूलेस का मतलब है कि टरेट को अंदर बैठा सैनिक संचालित नहीं करता, बल्कि इसे बाहर से रिमोट कंट्रोल के जरिए ऑपरेट किया जाता है. इससे सैनिकों की सुरक्षा बढ़ती है. इस वाहन में शक्तिशाली इंजन और ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन लगाया गया है, जिससे पावर-टू-वेट रेशियो बेहतर होता है, यानी कम वजन में अधिक ताकत मिलती है. परिणामस्वरूप यह तेज रफ्तार से चल सकती है, पहाड़ चढ़ सकती है, खाइयों को पार कर सकती है और विभिन्न बाधाओं को आसानी से पार करने में सक्षम है. फिलहाल इस प्लेटफॉर्म में 65 प्रतिशत पुर्जे देश में बने हैं, जिसे जल्द ही 90 प्रतिशत तक ले जाने की योजना है. टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स और भारत फोर्ज ने छोटे उद्योगों के साथ मिलकर इसे विकसित किया है, जिससे देश का डिफेंस इकोसिस्टम और मजबूत हो रहा है.