पुणे, 3 अप्रैल (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क) भारती विद्यापीठ (अभिमत वेिशविद्यालय) इंजीनियरिंग कॉलेज (पुणे) में संस्थान के मेधावी एवं पात्र विद्यार्थियों को सहयोग प्रदान करने के उद्देश्य से डॉ. पतंगराव कदम छात्रवृत्ति वितरण समारोह सफलतापूर्वक आयोजित किया गया. कॉलेज के विभिन्न विभागों में अध्ययनरत कुल 166 विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान की गई, जिसकी कुल वितरित राशि 20 लाख रुपये से अधिक रही. छात्रवृत्ति का वितरण इंजीनियरिंग कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राजेश प्रसाद के हाथों किया गया. इस अवसर पर उपप्राचार्य (प्रशासन) डॉ. सचिन चव्हाण, उपप्राचार्य (अनुसंधान एवं मानांकन) डॉ. सुनीता जाधव, इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी संकाय के अधिष्ठाता डॉ. सुहास पाटिल, विभागाध्यक्ष, प्राध्यापक, प्रशासनिक कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित थे. यह छात्रवृत्ति योजना डॉ. विश्वजीत कदम (कार्यवाह एवं प्र-कुलगुरु), डॉ. शिवाजीराव कदम (कुलपति), डॉ. विवेक सावजी (कुलगुरु), भारती विद्यापीठ मेडिकल फाउंडेशन की कार्यकारी संचालक डॉ. अस्मिता जगताप तथा संयुक्त सचिव डॉ. के. डी. जाधव के प्रयासों से संचालित की गई है. समारोह में बोलते हुए डॉ. राजेश प्रसाद ने दृढ़ता, कठोर परिश्रम और अवसरों के सही उपयोग के महत्व को रेखांकित किया. डॉ. सचिन चव्हाण ने डॉ. पतंगराव कदम की स्मृतियों को साझा करते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला और यह स्पष्ट किया कि आर्थिक कठिनाइयां विद्यार्थियों के शैक्षणिक लक्ष्यों में बाधा नहीं बननी चाहिए. विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा, डॉ. पतंगराव कदम का शून्य से विश्व निर्माण करने से लेकर भारती विद्यापीठ की स्थापना तक का सफर आपको उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए प्रेरित करे.