राज्य सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) की अधिकारी वर्षा मुकुंद लड्ढा काे अमरावती महानगरपालिका का नया आयुक्त नियुक्त किया है. इससे पहले वे पुणे में महाराष्ट्र कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा परिषद में सदस्य सचिव के रूप में अपनी सेवाएं दे रही थीं.निवर्तमान आयुक्त साैम्या शर्मा- चांडक के प्रसूति अवकाश पर जाने के कारण रिक्त हुए इस महत्वपूर्ण पद की जिम्मेदारी अब वर्षा लड्ढा संभालेंगी. मूल रूप से सांगली जिले के आष्टा की निवासी वर्षा लड्ढा अपनी अनुशासनप्रिय और पारदर्शी कार्यशैली के लिए जानी जाती हैं.उनके करियर की शुरुआत वर्ष 1998 में डिप्टी कलेक्टर के रूप में हुई थी. पिछले 25 वर्षाें में राजस्व और सामान्य प्रशासन विभाग में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन और लंबे अनुभव काे देखते हुए केंद्र सरकार ने उन्हें आईएएस कैडर में पदाेन्नत किया है.
विशेष उल्लेखनीय है कि वे आष्टा शहर से आईएएस बनने वाली पहली महिला अधिकारी हैं.अमरावती (अंबानगरी) की जिम्मेदारी मिलने के बाद उनके सामने शहर के लंबित विकास कार्याें काे गति देने की बड़ी चुनाैती हाेगी. नागरिकाें काे उम्मीद है कि स्वच्छता व्यवस्था, बुनियादी ढांचे में सुधार और प्रशासनिक पारदर्शिता लाने में उनका अनुभव कारगर साबित हाेगा.इस प्रशासनिक फेरबदल के तहत अन्य नियुक्तियां भी की गई हैं. अमरावती जिला परिषद की सीईओ संगीता माेहपात्रा काे अब सांगली-मिरज-कुपवाड़ मनपा के आयुक्त की जिम्मेदारी साैंपी गई है.वहीं, वहां के मनपा आयुक्त सत्यम गांधी का तबादला अमरावती जिला परिषद के नए सीईओ के रूप में किया गया है.इन नियुक्तियाें से जिले के प्रशासनिक कामकाज में नई ऊर्जा आने की संभावना जताई जा रही है.