हड़पसर, 7 अप्रैल (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क) नोबल हॉस्पिटल्स एंड रिसर्च सेंटर की ओर से वजन कम करके जीवन को नया सकारात्मक मोड़ देने वाले मरीजों का एक अनोखा ट्रांसफॉर्मेशन फैशन शो आयोजित किया गया. यह केवल एक फैशन शो नहीं था, बल्कि बढ़ते वजन के खिलाफ जिद, मेहनत और मजबूत मनोबल के दम पर जीत हासिल करने वाले मरीजों के आत्मवेिशास का प्रेरणादायक उत्सव था. इस अवसर पर समूह कार्यकारी अधिकारी डॉ. संजय पठारे, संचालक डॉ. पी. डी. पोटे, हॉस्पिटल के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर ओबेसिटी, मेटाबोलिक डिसीजेस एंड एडवांस्ड बेरियाट्रिक साइंसेज की निदेशक डॉ. रीमा काशिवा तथा बैरिएट्रिक विशेषज्ञ डॉ. परमेेशर बंबरुले सहित कई मान्यवर व्यक्ति उपस्थित थे. इस प्रतियोगिता में नोबल हॉस्पिटल के स्थूलता विभाग में उपचार ले चुके और उपचार ले रहे 20 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया. उत्कृष्ट वेशभूषा, मनोगत और रैम्प वॉक इन तीन श्रेणियों में चार महिला और चार पुरुष प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया. विशेष बात यह रही कि 30 से 70 वर्ष आयु वर्ग के और 90 किलो से लेकर 155 किलो तक वजन नियंत्रित करने वाले प्रतिभागियों ने इसमें भाग लिया. इस कार्यक्रम में पुलं पुणे लेडीज की संस्थापिका सोनिया कोनजेटी और अभिनेत्री जान्हवी पाठक ने परीक्षक की भूमिका निभाई. डॉ. संजय पठारे ने कहा, वजन कम करना एक बेहद कठिन सफर है और आज का यह कार्यक्रम उसे सफलतापूर्वक पूरा करने वालों के प्रयासों का सम्मान है. डॉ. रीमा काशिवा ने बताया कि समय पर निदान और वैज्ञानिक उपचार इन जोखिमों को काफी हद तक कम कर सकते हैं और जीवन की गुणवत्ता बेहतर बना सकते हैं.