बुधवार पेठ, 9 मई (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क) श्रीमंत दगडूसेठ हलवाई सार्वजनिक गणपति ट्रस्ट और सुवर्णयुग तरुण मंडल की ओर से गणेश मंदिर के पास स्थित जगह पर बनाए जाने वाले ‘जय गणेश सेवालय’ का भूमिपूजन हाल ही में संपन्न हुआ. इस सेवालय के माध्यम से मंदिर आने वाले लाखों गणेश भक्तों के लिए ट्रस्ट की ओर से विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. भूमिपूजन समारोह में ट्रस्ट के अध्यक्ष सुनील रासने, उपाध्यक्ष माणिक चव्हाण, कोषाध्यक्ष महेश सूर्यवंशी, महासचिव एवं विधायक हेमंत रासने, सह-सचिव अमोल केदारी, सुवर्णयुग तरुण मंडल के अध्यक्ष प्रकाश चव्हाण सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित थे. ‘जय गणेश सेवालय’ का निर्माण मंदिर के पास वाली जगह पर किया जा रहा है. इसमें श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छतागृह, शिशुओं और माताओं के लिए स्तनपान केंद्र, लगेज काउंटर और चप्पल स्टैंड, सुरक्षा केंद्र और मोबाइल डिपॉजिट काउंटर, प्रशासनिक कार्यालय और सूचना केंद्र, प्राथमिक उपचार जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी. ट्रस्ट के अध्यक्ष सुनील रासने ने जानकारी दी कि यह सेवालय पांच मंजिला होगा और इसका निर्माण कार्य अगले तीन महीनों में पूरा करने का संकल्प लिया गया है.