मुंबई, 9 मई (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क) मुंबई की अग्रणी सामाजिक संस्था तरुण कला संगम द्वारा आयोजित एक भव्य समारोह में वरिष्ठ पत्रकार राजकुमार सिंह को पत्रकारिता पुरस्कार-2026फ से सम्मानित किया गया. यह प्रतिष्ठित पुरस्कार उन्हें महाराष्ट्र सरकार के कौशल विकास मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा के हाथों प्रदान किया गया. इस गौरवशाली अवसर पर विधायक श्रीकांत भारतीय, तरुण कला संगम के अध्यक्ष चित्रसेन सिंह और महाराष्ट्र शासन के सामान्य प्रशासन विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव वी. राधा भी विशेष रूप से उपस्थित रह्ीं. पुरस्कार के रूप में राजकुमार सिंह को एक लाख रुपये की नकद राशि, स्मृति चिन्ह, शाल और श्रीफल भेंट किया गया. राजकुमार सिंह पिछले 26 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में एक सशक्त और प्रभावशाली हस्ताक्षर रहे हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत दोपहर का सामना से की थी और वर्तमान में वे पिछले 19 वर्षों से नवभारत टाइम्स में विशेष संवाददाता के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. अपनी तेजतर्रार रिपोर्टिंग के लिए पहचाने जाने वाले सिंह ने मुंबई महानगर पालिका के मामलों और अब राजनीति बीट पर अपनी गहरी पकड़ बनाई है. उन्होंने देश-विदेश के कई महत्वपूर्ण चुनावों और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से पाठकों तक पहुँचाया है. समारोह में पत्रकारिता और राजनीति जगत की कई गणमान्य हस्तियां शामिल हुईं. उपस्थित अतिथियों में संस्था के महासचिव दीपक सिंह, वरिष्ठ पत्रकार राघवेंद्र द्विवेदी, बोरीवली के विधायक संजय उपाध्याय और मुंबई हिंदी पत्रकार संघ के अध्यक्ष आदित्य दुबे शामिल थे. इनके अलावा, महासचिव विजय सिंह कौशिक, मंत्रालय पत्रकार संघ के कोषाध्यक्ष विनोद यादव, आरटीआई कार्यकर्ता अनिल गलगली, वरिष्ठ पत्रकार सुनील मेहरोत्रा, हरि मृदुल और मनोज दुबे ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई्. कार्यक्रम के समापन पर संस्था के महासचिव दीपक सिंह ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया.