धाराशिव में प्याज का मात्र 1 रुपये किलाे भाव मिलने पर किसान ने 600 बाेरियाें में आग लगाई धाराशिव जिले से किसानाें की बदहाली की एक दर्दनाक तस्वीर सामने आई है. भूम तहसील के टिंटराज गांव में प्याज उत्पादक किसान भगवान साबले ने अपनी ही 500 से 600 बाेरियाें भरे प्याज काे आग के हवाले कर दिया. किसान का आराेप है कि बाजार में प्याज का भाव सिर्फ 1 रुपये प्रति किलाे मिल रहा था, जिससे लागत निकालना भी मुश्किल हाे गया था.किसान साबले ने बताया कि उन्हाेंने करीब 4 एकड़ जमीन पर प्याज की खेती की थी, जिसमें से ढाई एकड़ की फसल तैयार हुई थी. इसखेती में बुवाई से लेकर कटाई तक करीब 3 से 4 लाख रुपये खर्च हुए, लेकिन जब प्याज बेचने की बारी आई ताे व्यापारी बेहद कम दाम देने लगे. किसान के मुताबिक, एक गाड़ी प्याज बेचने पर उन्हें सिर्फ 4 हजार रुपये मिले, जबकि मजदूराें और कटाई का खर्च भी नहीं निकल पा रहा था. लगातार बदलते माैसम और बारिश की आशंका के कारण राेजाना प्याज काे ढंकने और खाेलने में भी अतिरिक्त मेहनत करनी पड़ रही थी. इससे परेशान हाेकर किसान ने गुस्से में आकर अपनी फसल जला दी.भगवान साबले ने सरकार से मांग करते हुए कहा कि किसानाें काे प्याज का कम से कम 40 रुपये प्रति किलाे भाव मिलना चाहिए.