मुंबई, 12 मई (वि.प्र.) मध्य रेल के विस्टाडोम कोच यात्रियों के बीच आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं, जिसका प्रमाण पिछले तीन वर्षों के दौरान इनकी ऑक्यूपेंसी और राजस्व में हुई निरंतर वृद्धि है. वित्तीय वर्ष 2023-24 से 2025-26 के बीच मध्य रेल ने विस्टाडोम सेवाओं के माध्यम से कुल 81.29 करोड़ का राजस्व अर्जित किया है. इस तीन वर्षीय अवधि में लगभग 5.33 लाख यात्रियों ने इन प्रीमियम कोचों में सफर का आनंद लिया. आंकड़ों के विलेषण से स्पष्ट होता है कि जहां 2023-24 में औसत ऑक्यूपेंसी 91.36 प्रतिशत थी, वहीं 2025-26 में यह बढ़कर 93.67 प्रतिशत तक पहुंच गई है, जबकि कई प्रमुख मार्गों पर तो यह 100 प्रतिशत से भी अधिक दर्ज की गई है. इन कोचों की बढ़ती लोकप्रियता का मुख्य कारण इनका विशेष डिजाइन और आधुनिक सुविधाएं हैं, जो रेल यात्रा को एक प्रीमियम पर्यटन अनुभव में बदल देते ह्ैं. पारदर्शी कांच की छत (ग्लास रूफटॉप) और बड़ी चौड़ी खिड़कियों के माध्यम से यात्री भोर घाट और कोंकण जैसे प्राकृतिक रेलखंडों के मनोरम दृश्यों का आनंद ले सकते हैं. कोच के भीतर 180 डिग्री घूमने वाली पुशबैक रिक्लाइनर सीटें यात्रियों को अपनी पसंद के अनुसार बैठने की सुविधा देती ह्ैं. इसके अलावा, रियर ऑब्जर्वेशन लाउंज और व्यूइंग गैलरी फोटोग्राफी के शौकीनों के लिए विशेष आकर्षण प्रदान करती है.