शनि जयंती पर गोपाल शेट्टी द्वारा धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन
विद्वान पंडितों के सान्निध्य में विधि-विधान से पूजा होगी
14-May-2026
Total Views |
मुंबई, 13 मई (आ.प्र.) आगामी 16 मई को शनि जयंती और शनिश्चरी अमावस्या के दुर्लभ त्रिवेणी संयोग के अवसर पर बोरीवली में एक विशेष धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया जा रहा है. पूर्व सांसद और जनसेवक गोपाल शेट्टी के सक्रिय सहयोग से आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम आध्यात्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है. इस भव्य पूजा-अर्चना में विद्वान पंडितों के सान्निध्य में विधि- विधान से पूजन संपन्न होगा, जिसमें मुंबई के विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है. यह विशेष आयोजन कांदिवली (पश्चिम) स्थित महावीर नगर के सप्ताह मैदान में शनिवार शाम 7:00 बजे से रात 10:00 बजे तक चलेगा. कार्यक्रम की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें सभी जाति और वर्ग के लोग बिना किसी शुल्क के सम्मिलित हो सकते हैं. आयोजन समिति ने भक्तों की सुविधा के लिए व्यापक प्रबंध किए हैं ताकि श्रद्धालु सुगमता से दर्शन और पूजन का लाभ उठा सकें. पूर्व सांसद गोपाल शेट्टी ने कार्यक्रम की जानकारी साझा करते हुए बताया कि शनि जयंती और अमावस्या का एक ही दिन पड़ना एक दुर्लभ ज्योतिषीय घटना है. इस पावन अवसर पर शनिदेव की आराधना करने से न केवल जीवन के कष्टों का निवारण होता है, बल्कि सुख, शांति और समृद्धि की भी प्राप्ति होती है. उन्होंने क्षेत्र की जनता और विभिन्न सेवाभावी संस्थाओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस पुण्य कार्य का हिस्सा बनें और भगवान शनिदेव का आशीर्वाद प्राप्त करें.