पिंपरी-चिंचवड़ क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) में पिछले पंद्रह दिनाें से एनआईसी साॅफ्टवेयर के अपडेट का काम चल रहा है, जिसके कारण कई महत्वपूर्ण सेवाएं पूरी तरह से ठप हाे गई हैं. विशेष रूप से चाॅइस नंबर का रजिस्ट्रेशन, केस विभाग की चालान रसीदें और विभिन्न लंबित आवेदनाें की प्रक्रिया रुक जाने से नागरिकाें काे भारी मानसिक और शारीरिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. आरटीओ प्रशासन का दावा है कि साॅफ्टवेयर प्रणाली काे अधिक सक्षम और सुरक्षित बनाने के लिए तकनीकी सुधार किए जा रहे हैं, लेकिन हकीकत में इसका कार्यालयीन कामकाज पर बेहद विपरीत प्रभाव पड़ रहा है.
आरटीओ कार्यालय में अपने काम के लिए आने वाले वाहनधारकाें ने प्रशासन के प्रति तीव्र नाराजगी व्यक्त की है. नागरिकाें का कहना है कि उन्हें एक छाेटे से काम के लिए दाे से तीन बार आरटीओ के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं. ऑनलाइन सेवाओं का विज्ञापन ताे किया जाता है, लेकिन जमीनी स्तर पर सर्वर डाउन हाेने के कारण काेई भी काम समय पर नहीं हाे पा रहा है. इस मामले काे लेकर आरटीओ प्रशासन ने कहा है कि तकनीकी सुधार का काम जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा, जिसके बाद सेवाएं सुचारू रूप से शुरू हाे सकेंगी.