मुंबई, 14 मई (आ.प्र.) विधान परिषद सदस्य के रूप में पांचवीं बार शपथ लेते समय डॉ. नीलम गोऱ्हे ने कहा कि इस बार जिम्मेदारी और अधिक बढ़ गई है. उन्होंने वेिशास दिलाया कि वे महिला सशक्तिकरण और उनकी सुरक्षा को अपनी प्राथमिकता बनाए रखेंगी. गुरुवार (14 मई) को विधान भवन में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया. इस अवसर पर डॉ. नीलम गोऱ्हे के साथ विधान परिषद के लिए निर्विरोध चुने गए अन्य सदस्य- ओमप्रकाश (बच्चू) कडू, अंबादास दानवे, प्रज्ञा सातव, प्रमोद जठार, जीशान सिद्दीकी, माधवी नाइक, सुनील कर्जतकर, विवेक कोल्हे और संजय भेंडे ने भी पद की शपथ ली. महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर चिंता व्यक्त करते हुए डॉ. गोऱ्हे ने कहा कि ऐसे मामलों के दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पीड़ित लड़कियों और महिलाओं के पुनर्वास के लिए उनका कार्य प्रभावी ढंग से जारी रहेगा.