पुणे, 16 मई (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क) शहर में कैंसर मरीजों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए पुणे मनपा और आपुलकी मेडिकल केयर सेंटर के संयुक्त प्रयास से तैयार किए गए 150 बेड के भव्य कैंसर अस्पताल का लोकार्पण आज रविवार, 17 मई 2026 को किया जाएगा. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस इस केंद्र का उद्घाटन करेंगे. विशेष बात यह है कि सार्वजनिक-निजी भागीदारी मॉडल पर आधारित यह देश की किसी भी मनपा का पहला कैंसर और कार्डियक अस्पताल होगा. यह जानकारी पुणे महानगरपालिका की स्थायी समिति अध्यक्ष श्रीनाथ भिमाले ने दी. इस अवसर पर मनपा की स्वास्थ्य प्रमुख डॉ. नीना बोऱ्हाडे, नगरसेविका मयूरी कोकाटे तथा सहायक स्वास्थ्य प्रमुख डॉ. संजीव वावरे उपस्थित थे. 45 विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम अस्पताल के बारे में जानकारी देते हुए डॉ. प्रीतेश मुनोत ने बताया कि कैंसर मरीजों को जांच के लिए कई स्थानों पर भटकना पड़ता है और उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है. इन सभी कठिनाइयों को कम करने के लिए एक ही छत के नीचे सभी जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई गई है. इस केंद्र में 40 से 45 विशेषज्ञ डॉक्टर और लगभग 400 कर्मचारियों का स्टाफ 24 घंटे कार्यरत रहेगा.
अत्याधुनिक लीनियर एक्सीलरेटर मशीन उपलब्ध कैंसर कोशिकाओं पर सीधे प्रभाव डालने वाली अत्यंत महंगी और प्रभावी लीनियर एक्सीलरेटर मशीन इस अस्पताल में उपलब्ध कराई गई है. 35 करोड़ रुपये की यह मशीन फिलहाल पुणे शहर के केवल छह अस्पतालों में ही उपलब्ध है. इसके अलावा पहले मंजिल पर अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर बनाया गया है, जहां पेट स्कैन, मैमोग्राफी, बायोप्सी और जनरल अस्पताल की सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी.
एक ही छत के नीचे सभी उपचार
बाणेर में लगभग 1 एकड़ क्षेत्र में फैला यह अस्पताल 165 करोड़ रुपये की लागत वाला एक भव्य प्रकल्प है. इसके लिए पुणे मनपा ने 14 करोड़ रुपये मूल्य की जमीन उपलब्ध कराई है, जबकि शेष सभी खर्च, कर्मचारियों का वेतन और प्रबंधन की जिम्मेदारी संबंधित संस्था की होगी. इस अस्पताल की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहां सीजीएचएस दरों पर उपचार उपलब्ध होगा, जिससे सामान्य मरीजों को बड़ा आर्थिक राहत मिलेगी.