पुणे, 17 मई (आ. प्र.) पुणे की मशहूर अदबी संस्था एसीएफसी (असलम चिश्ती फ्रेंड सर्कल, पुणे) ने एनआईबीएम रोड स्थित ‘वाई नॉट योर कंटेंट स्पेस’ में मशहूर शायर और साहित्यकार संजय मिश्रा शौक के सम्मान में एक भव्य मुशायरे का आयोजन किया. इसी अवसर पर एसीएफसी के यूट्यूब चैनल का भी शुभारंभ किया गया. कार्यक्रम में शहर के प्रसिद्ध साहित्यकारों, बुद्धिजीवियों, शायरों और अदब पसंद श्रोताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया. मुशायरे की अध्यक्षता प्रसिद्ध समाजसेवी इकबाल अंसारी ने की. जबकि कार्यक्रम का संचालन आमिर मसउद बहराइची ने बेहद ख़ूबसूरती से किया. इस मुशायरे में हिस्सा लेने वाले शायरों में संजय मिश्रा शौक, सागर त्रिपाठी, मौलाना शबीह अहसन काजमी, हिस्सामुददीन शोला, असलम चिश्ती, डॉ. जाकिर ख़ान जाकिर, जिया बागपती, आमिर मसउद बहराइची, ख़ुश्बू रामपुरी, डॉ. शैलजा दुबे, पूजा कृष्णा, श्रुति भट्टाचार्य, कौसर जहां, शुभा लोंढे, तूबा चौधरी और अब्दुल्लाह अंसारी शामिल रहे. कार्यक्रम के चीफ गेस्ट जावेद अंसारी (मालेगांव) जबकि स्पेशल गेस्ट संजय मिश्रा शौक (लखनऊ) थे. मुख्य अतिथि जावेद अंसारी ने कहा कि संजय मिश्रा शौक समकालीन उर्दू साहित्य का महत्वपूर्ण नाम हैं, जिन्होंने अपनी शायरी से नई पहचान बनाई है. वहीं संजय मिश्रा शौक ने एसीएफसी की साहित्यिक परंपरा की सराहना करते हुए सम्मान के लिए आभार जताया.