मुंबई, 18 मई (वि.प्र.) कांग्रेस मुख्य प्रवक्ता अतुल लोंढे ने मोदी सरकार की गलत आर्थिक नीतियों को देश में बढ़ती महंगाई के लिए जिम्मेदार ठहराया. साथ ही, नीट पेपर लीक को सरकारी हत्या बताते हुए 23 लाख छात्रों का भविष्य अंधकार में धकेलने का आरोप लगाया. महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता अतुल लोंढे ने तिलक भवन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने आरोप लगाया कि देश में पेट्रोल-डीजल और खाद्य वस्तुओं की बढ़ती कीमतें केवल ईरान युद्ध के कारण नहीं, बल्कि केंद्र सरकार के पिछले 12 वर्षों की गलत आर्थिक और विदेश नीतियों का परिणाम ह्ैं. लोंढे ने आर्थिक मोर्चे पर सरकार को घेरते हुए कहा कि 2014 में डॉलर के मुकाबले जो रुपया 58 रुपये था, वह आज 95 रुपये के रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच चुका है. यूपीए सरकार के समय कच्चे तेल की कीमत 147 डॉलर होने पर भी पेट्रोल 72 रुपये था, जबकि आज कच्चे तेल के दाम 110 डॉलर होने के बावजूद पेट्रोल 100 रुपये के पार और गैस सिलेंडर 1000 रुपये का मिल रहा है. उन्होंने कहा कि अमेरिका के दबाव में रूस और ईरान से रुपये में तेल खरीदना बंद करने का नुकसान आम जनता को उठाना पड़ रहा है, जबकि इसका सीधा फायदा निजी तेल कंपनियों को हुआ है.
23 लाख छात्रों का भविष्य खतरे में नीट पेपर लीक मामले पर आक्रोश व्यक्त करते हुए अतुल लोंढे ने कहा कि इस घोटाले के कारण देश के 23 लाख छात्रों का भविष्य अंधकार में चला गया है और हताशा में 4 विद्यार्थियों ने आत्महत्या कर ली. उन्होंने इसे आत्महत्या नहीं बल्कि सरकारी हत्या और सरकार द्वारा ली गई बलि करार दिया. लोंढे ने मांग की कि इस मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और एनटीए (एनटीए) के महानिदेशक पर तत्काल कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए.