प. रेलवे के मुंबई सेंट्रल मंडल द्वारा ईएएसई टीम का शुभारंभ

महिला सशक्तिकरण, कल्याण एवं सहयोग की दिशा में एक प्रगतिशील पहल

    19-May-2026
Total Views |
bfb

 मुंबई, 18 मई (वि.प्र.)

पश्चिम रेलवे के मुंबई सेंट्रल मंडल ने महिला सशक्तिकरण, कल्याण एवं सहयोग को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण एवं प्रगतिशील पहल करते हुए ईएएसई (एम्पावरमेंट एडवोकेट्स एंड सपोर्ट एनहांसमेंट) टीम का शुभारंभ किया है. यह पहल मुंबई सेंट्रल मंडल की अपर मंडल रेल प्रबंधक (एडीआरएम) डॉ. आरती सिंह परिहार के मार्गदर्शन में की गई है. पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री विनीत अभिषेक द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मंडल के विभिन्न विभागों से महिला प्रतिनिधियों को इस टीम के सदस्य के रूप में नामित किया गया है, ताकि मंडल के सभी विभागों एवं कार्यक्षेत्रों की व्यापक भागीदारी और प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जा सके. ईएएसई टीम नियमित रूप से मुंबई मंडल के अंतर्गत आने वाले स्टेशनों, कार्यालयों तथा विभिन्न कार्यस्थलों का दौरा कर महिला कर्मचारियों एवं स्टाफ सदस्यों के साथ प्रत्यक्ष संवाद स्थापित करेगी. इन संवादों के माध्यम से महिला कर्मचारियों के विचारों, चिंताओं, चुनौतियों तथा सुझावों को अधिक सहज एवं सकारात्मक वातावरण में समझने का अवसर प्राप्त होगा. साथ ही, ऐसे संवादों के माध्यम से टीम महिला कर्मचारियों को व्यक्तिगत विकास, व्यावसायिक उन्नति, आत्मवेिशास निर्माण तथा नेतृत्व क्षमता के विकास के लिए प्रोत्साहित, प्रेरित एवं मार्गदर्शन प्रदान करेगी. इस पहल का उद्देश्य एक सुरक्षित, समावेशी, सहयोगात्मक एवं सशक्त कार्य वातावरण को प्रोत्साहित करना भी है, जहाँ महिला कर्मचारी स्वयं को सम्मानित, समर्थित तथा प्रोत्साहित महसूस करें और अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का अधिक प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सक्‌ें‍. ईएएसई टीम का गठन लैंगिक समावेशिता को और अधिक सुदृढ़ करने, कर्मचारी कल्याण को बढ़ावा देने तथा सकारात्मक एवं प्रगतिशील कार्य संस्कृति के निर्माण के प्रति पश्चिम रेलवे की प्रतिबद्धता को प्रतिबिंबित करता है.