शिवाजीनगर, 19 मई (आ.प्र.) सामाजिक सरोकार को निभाते हुए पिछले 18 वर्षों से लगातार आयोजन करने वाले ‘सिद्धि फाउंडेशन’ की ओर से इस साल भी गुरुवार (21 मई) को रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया है. हर साल गर्मियों में खून की किल्लत महसूस होने के कारण इस कमी को पूरा करने के लिए सिद्धि फाउंडेशन ने पहल की है. इस पहल की वजह से पिछले कई वर्षों में विभिन्न अस्पतालों और चिकित्सा केंद्रों को आवश्यक रक्त की आपूर्ति हुई है, जिससे असंख्य मरीजों को जीवनदान मिला है. इस वर्ष बढ़ती तपिश के मद्देनजर रक्तदाताओं के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखते हुए शिविर का नियोजन किया गया है. आयोजकों ने जानकारी दी है कि रक्तदान प्रक्रिया के दौरान किसी को भी कोई असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. यह रक्तदान शिविर गुरुवार, 21 मई को सैलिसबरी पार्क स्थित महावीर प्रतिष्ठान में सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित किया गया है. आपके एक रक्तदान से किसी के जीवन में फिर से उम्मीद का सूर्योदय हो सकता है, यहसा भावुक संदेश देते हुए सिद्धि फाउंडेशन के संस्थापक मनोज छाजेड़ और अध्यक्ष ललित जैन ने नागरिकों से बड़ी संख्या में उपस्थित रहकर रक्तदान करने की अपील की है. फाउंडेशन से जुड़े अन्य समाजसेवी और संस्थाओं की ओर से भी नागरिकों से इस जीवनदायी पहल में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया जा रहा है.
नया जीवन देने का पवित्र कार्य रक्तदान शिविर यह केवल एक दान नहीं है, बल्कि किसी को नया जीवन देने का एक पवित्र कार्य है. पिछले 18 वर्षों में समाज से मिले प्यार और सहयोग के कारण ही यह उपक्रम अधिक व्यापक हो पाया है, और मुझे पूरा वेिशास है कि इस वर्ष भी बड़ी संख्या में रक्तदाता इसमें भाग लेंगे. - मनोज छाजेड, संस्थापक, सिद्धि फाउंडेशन
रक्तदाताओं की सुरक्षा को प्राथमिकता
बढ़ते तापमान के मद्देनजर हमने रक्तदाताओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है. प्रत्येक रक्तदाता को उचित सुविधा और देखभाल मिले, इसके लिए विशेष व्यवस्था की गई है. समाज के हर व्यक्ति को इस जीवनदायी अभियान में शामिल होना चाहिए. - ललित जैन, अध्यक्ष, सिद्धि फाउंडेशन