पुणे, 20 मई (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क) भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) की वरिष्ठ अधिकारी शीतल तेली-उगले ने बुधवार को पुणे विभागीय आयुक्त के पद का कार्यभार संभाल लिया है. वर्ष 2009 बैच की आईएएस अधिकारी शीतल तेली-उगले का हाल ही में राज्य के खेल आयुक्त पद से पुणे विभागीय आयुक्त पद पर स्थानांतरण किया गया था. अतिरिक्त आयुक्त कविता द्विवेदी ने नए संभागीय आयुक्त का स्वागत किया. शीतल तेली-उगले ने सावित्रीबाई फुले पुणे वेिशविद्यालय की कला स्नातक परीक्षा में स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल) हासिल किया है. प्रशासनिक सेवा के दौरान उन्होंने 2023 में भारत और ऑस्ट्रेलिया सरकारों द्वारा वित्त पोषित और प्रायोजित, ‘जल सुरक्षा’ और ‘चक्रीय अर्थव्यवस्था’ (सर्कुलर इकोनॉमी) विषयों पर ऑस्ट्रेलिया में आयोजित एक विशेष प्रशिक्षण में भाग लिया था. उन्होंने अपने प्रशासनिक करियर की शुरुआत नागपुर जिले में सहायक जिलाधिकारी के रूप में की थी. इसके बाद उन्होंने सहायक जिलाधिकारी चंद्रपुर, जलगांव जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO), रायगढ़ की जिलाधिकारी (कलेक्टर), पुणे महानगरपालिका की अतिरिक्त आयुक्त, नागपुर महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण की महानगर आयुक्त, वस्त्रोद्योग आयुक्त और महाराष्ट्र राज्य हथकरघा विकास महामंडल की प्रबंध संचालक, सोलापुर महानगरपालिका की आयुक्त और राज्य के खेल आयुक्त जैसे विभिन्न महत्वपूर्ण पदों की जिम्मेदारी सफलतापूर्वक संभाली है. विभिन्न पदों पर रहते हुए हासिल कीं उपलब्धियां : रायगढ़ की कलेक्टर रहते हुए महाड में सावित्री नदी पर पुल गिरने की त्रासदी के दौरान उन्होंने प्रशासन का कुशल नेतृत्व किया. उनके ‘खोज और बचाव’ अभियानों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें सम्मानित किया गया था. इसके अलावा उन्होंने ‘डिजिटल इंडिया सप्ताह’ में तीसरा स्थान हासिल किया था. पुणे महानगरपालिका अतिरिक्त आयुक्त के रूप में उनके कार्यकाल के दौरान पुणे महानगरपालिका को ‘स्कॉच ऑर्डर ऑफ मेरिट’ और ‘हुडको अवार्ड फॉर बेस्ट प्रैक्टिसेज’ सहित कई पुरस्कार मिले. साथ ही, गैर-सरकारी संगठन ‘जनाग्रह’ द्वारा किए गए मूल्यांकन में पुणे शहर को ‘शहरी प्रशासन में सर्वश्रेष्ठ शहर’ के रूप में स्थान मिला था. महाराष्ट्र राज्य हथकरघा महामंडल में इनके कार्यकाल के दौरान ‘फैब्रिक ऑफ यूनिटी’ अभियान का आयोजन किया था. इस अभियान के तहत सांसदों, विधायकों, सिविल सेवकों से लेकर छात्रों और श्रमिकों तक 1100 से अधिक ऐसे नागरिकों ने हथकरघे पर 98 फीट लंबा कपड़ा बुना, जो बुनाई क्षेत्र से नहीं जुड़े थे. इस उपलब्धि को ‘एशिया एंड इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स’ में दर्ज किया गया था. सोलापुर महानगरपालिका आयुक्त के रूप में इनके कार्यकाल के दौरान वर्ष 2023 में राष्ट्रपति के हाथों सोलापुर स्मार्ट सिटी को समग्र प्रदर्शन के लिए पश्चिम क्षेत्र का ‘क्षेत्रीय स्मार्ट सिटी पुरस्कार’ प्रदान किया गया था. ‘पीएम स्वनिधि’ योजना के तहत वर्ष 2024 में महानगरपालिका द्वारा 128 प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने की उपलब्धि को राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया. इसके अलावा महानगरपालिका ने ‘मुख्यमंत्री सक्षम शहर प्रतियोगिता 2023’ में दूसरा पुरस्कार जीता था.