दगडूसेठ गणपति ट्रस्ट की ओर से कल मुफ्त महा स्वास्थ्य शिविर

पुणे जिले के 90 अस्पताल और संस्थान शिविर में शामिल होंगे : ट्रस्ट के अध्यक्ष सुनील रासने द्वारा जानकारी

    22-May-2026
Total Views |

bfs f 
बुधवार पेठ, 21 मई (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)
 श्रीमंत दगडूसेठ हलवाई सार्वजनिक गणपति ट्रस्ट और सुवर्णयुग तरुण मंडल द्वारा चलाए जा रहे ‌‘जय गणेश रुग्णसेवा अभियान‌’ के तहत शनिवार, 23 मई को सुबह 9 बजे से दोपहर 4 बजे तक मुफ्त महा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया है. ट्रस्ट के अध्यक्ष सुनील रासने ने जानकारी दी कि यह शिविर श्रीमंत थोरले बाजीराव पेशवा रोड पर स्थित नू.म.वि. प्रशाला एवं कनिष्ठ महाविद्यालय में आयोजित किया जाएगा. इस शिविर में हृदय रोग, किडनी, नेत्र रोग, दंत चिकित्सा और स्त्री रोग, बच्चों की सर्जरी, दिव्यांगों के लिए मुफ्त ‌‘जयपुर फुट‌’ (कृत्रिम पैर) का वितरण, ब्लड टेस्ट और रक्तदान शिविर, नाक, कान, गला, आयुर्वेदिक और होम्योपैथी उपचार, अस्थि रोग, विभिन्न थेरेपी और रेडियोलॉजी, श्रवण (सुनने की क्षमता) और स्पीच थेरेपी जैसे उपचार और सेवाएं पूरी तरह से निशुल्क (मुफ्त) प्रदान की जाएंगी.
मोबाइल क्लिनिक पहल का उद्घाटन होगा
पुणे जिले के 90 अस्पताल और संस्थान इस शिविर में भाग ले रहे हैं. इस अवसर पर मोबाइल क्लिनिक पहल का भी उद्घाटन किया जाएगा. अध्यक्ष सुनील रासने ने बताया कि कई मरीजों को यह जानकारी नहीं होती कि महाराष्ट्र सरकार के स्वास्थ्य विभाग और पुणे मनपा की विभिन्न योजनाओं का लाभ कैसे उठाया जाए. ट्रस्ट द्वारा उन मरीजों को इन योजनाओं का लाभ उठाने में मदद की जाती है. साथ ही, जिन मरीजों के पास अधूरे दस्तावेज हैं, उन्हें नागरिक सुविधा केंद्र के माध्यम से दस्तावेज उपलब्ध कराने के लिए भी ट्रस्ट हमेशा तत्परता से कार्य कर रहा है. ‌‘आरोग्य गणेशा‌’ के तहत पिछले दो वर्षों में विभिन्न प्रकार के ऑपरेशन, जांच, उपकरण और दवाओं का वितरण कर हजारों मरीजों को हर संभव सहायता प्रदान की गई है.
14 एम्बुलेंसों के माध्यम से निरंतर निशुल्क सेवा जारी
ट्रस्ट के पास कुल 14 एम्बुलेंस हैं, जिनके माध्यम से पुणे शहर, पिंपरी-चिंचवड और पुणे जिले में 24 घंटे निरंतर निशुल्क सेवा दी जाती है. इसके अलावा, पूरे महाराष्ट्र में केवल डीजल के खर्च पर यह सेवा उपलब्ध कराई जा रही है. इनमें कान, आंख और दांतों की जांच करने वाली ‌‘जांच वैन एम्बुलेंस‌’ भी शामिल है. ट्रस्ट ने अपील की है कि नागरिक इस सेवा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं.