पुणे, 22 मई (आ.प्र.)
भारती विद्यापीठ डीम्ड वेिशविद्यालय के इंजीनियरिंग महाविद्यालय में राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित तकनीकी प्रतियोगिता ‘बीवीटेकफ्यूजन-2026’ का उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया. 20 मई को आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य अभियांत्रिकी विद्यार्थियों में नवाचार, अनुसंधान प्रवृत्ति, बहु-विषयक शिक्षा तथा उद्योग और शैक्षणिक क्षेत्र के समन्वय को प्रोत्साहित करना था. कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर प्राचार्य डॉ. राजेश प्रसाद, उपप्राचार्य डॉ. एस. एम. जाधव सहित विभिन्न विभागाध्यक्ष, प्राध्यापक, उद्योग विशेषज्ञ और छात्र उपस्थित रहे. इस अवसर पर शिक्षा एवं राष्ट्रनिर्माण में योगदान के लिए डॉ. पतंगराव कदम को श्रद्धांजलि अर्पित की गई. प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से लगभग 375 विद्यार्थियों के 116 प्रोजेक्ट समूहों ने भाग लिया. विद्यार्थियों ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता, रोबोटिक्स, ऑटोमेशन, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (आईओटी), अक्षय ऊर्जा, पर्यावरण अभियांत्रिकी और स्मार्ट इन्फ्रास्ट्रक्चर जैसे उभरते क्षेत्रों में अभिनव परियोजनाएं प्रस्तुत कीं. परियोजनाओं में तकनीकी उत्कृष्टता, व्यावहारिक उपयोगिता और सामाजिक प्रभाव स्पष्ट रूप से दिखाई दिया.यह आयोजन डॉ. वेिशजीत कदम के नेतृत्व तथा कुलपति डॉ. शिवाजीराव कदम और कुलगुरु डॉ. विवेक सावजी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ. प्रतियोगिता में संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) के अनुरूप ‘पीपल एंड सोसायटी’, ‘प्लैनेट एंड क्लाइमेट एक्शन’ और ‘इंडस्ट्री एंड बिल्ट एन्वायरनमेंट’ जैसी संकल्पनाओं पर विशेष जोर दिया गया.