सिद्धि फाउंडेशन के शिविर में 2026 रक्तदाताओं की रिकॉर्ड भागीदारी

मानवता का संदेश देने वाला 18वां महायज्ञ सफल : शाम तक रक्तदाताओं की कतारें लगी रहीं

    23-May-2026
Total Views |
 
vdf 
सैलिसबरी पार्क, 22 मई (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)

 रक्तदाताओं की भारी भीड़, उनका उत्साह बढ़ाने के लिए जुटे विभिन्न क्षेत्रों के सैकड़ों गणमान्य लोग, स्वयंसेवकों द्वारा किया गया सटीक नियोजन और सामाजिक एकजुटता का अनुभव कराते हुए, सिद्धि फाउंडेशन की ओर से आयोजित ‌‘रक्तदान महायज्ञ‌’ का उपक्रम हर साल की तरह इस बार भी बेहद हर्षोल्लास के वातावरण में संपन्न हुआ. महिलाओं की सक्रिय और उत्साही भागीदारी के साथ-साथ रिकॉर्ड 2026 लोगों द्वारा किया गया रक्तदान इस शिविर की मुख्य विशेषता रहा. यह 18वां रक्तदान शिविर गुरुवार को सैलिसबरी पार्क स्थित महावीर प्रतिष्ठान में आयोजित किया गया. शिविर का समय सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक था. इसके बावजूद, देर शाम तक रक्तदाताओं की लंबी कतारें लगी रहीं. आखिरकार समय की पाबंदी के कारण शिविर के समापन की घोषणा किए जाने से रक्तदान के लिए उत्सुक लोग वापस लौट गए. इस भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन सिद्धि ग्रुप के मनोज छाजेड़, ललित शिंगवी, मुकेश छाजेड़, जीनूभाई लोढ़ा सहित समाज के कई कार्यकर्ताओं ने बेहद योजनाबद्ध तरीके से किया. बताया गया कि गर्मियों की तीव्रता को ध्यान में रखते हुए, इस साल के रक्तदाताओं के स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए विशेष योजना बनाई गई थी. इस पहल से पुणे शहर सहित आस-पास के विभिन्न अस्पतालों को समय पर रक्त की आपूर्ति उपलब्ध होगी, जिससे कई जरूरतमंद मरीजों को इसका सीधा लाभ मिलेगा. इस रक्तदान शिविर में विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य व्यक्तियों ने दौरा कर इस पहल की सराहना की. प्रमुख उपस्थित लोगों में विधायक रोहित पवार, हेमंत रासने, मनपा के स्थायी समिति अध्यक्ष श्रीनाथ भिमाले सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी उपस्थित थे. साथ ही डीसीपी मिलिंद मोहिते, डीसीपी अमोल झेंडे, डीसीपी ए. राजा सहित पुलिस अधिकारियों और विभिन्न सरकारी अधिकारियों ने शिविर का दौरा किया और रक्तदाताओं तथा आयोजकों की सराहना की. समाज के प्रतिष्ठित विजयकांत कोठारी, एड. एस.के. जैन, विजय भंडारी, राजेश साकला, विलास राठौड़ सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी, व्यापारी, सामाजिक कार्यकर्ता और सभी समाज के गणमान्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित थे. महिलाओं की भागीदारी रही आकर्षण का केंद्र इस रक्तदान महायज्ञ में महिलाओं की भागीदारी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही. लगभग साढ़े सात सौ से आठ सौ महिलाओं ने रक्तदान कर समाज के सामने एक प्रेरणादायक उदाहरण पेश किया. महिलाओं की इस स्वस्फूर्त भागीदारी के कारण पूरे आयोजन को एक अलग ऊर्जा और सकारात्मक माहौल मिला.
 
वेिशसनीय गतिविधि के रुप में बनाई है पहचान
यह गतिविधि पुणे में एक वेिशसनीय और व्यापक स्वास्थ्य सेवा आंदोलन के रूप में अपनी पहचान बना चुकी है. विशेष रूप से, जयहिंद कलेक्शन, नीलकंठ ज्वेलर्स, राठौड़ ज्वेलर्स और सिलाई के मालिकों ने न सिर्फ अपने परिवारों के साथ रक्तदान किया, बल्कि अपने दुकान के स्टाफ को भी रक्तदान के लिए प्रोत्साहित किया. समाज के हर व्यक्ति ने इस जीवनदायी कार्य में भाग लिया, यह अत्यंत महत्वपूर्ण है. - ललित शिंगवी, अध्यक्ष, सिद्धी फाउंडेशन  
  
हमारा साथ देने वाले हर एक व्यक्ति को धन्यवाद

आज, भीषण गर्मी के बावजूद, हमने एक रक्तदान शिविर का आयोजन किया और 2,000 से अधिक बोतल रक्त एकत्र किया. इस पूरे कार्यक्रम को सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए, मैं सभी का धन्यवाद करता हूं जिन्होंने स्वयं रक्तदान किया, दूसरों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया, या रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन और सराहना की. इसका पूरा श्रेय सभी को जाता है. - मनोज छाजेड, संस्थापक, सिद्धि फाऊंडेशन