सोलापुर, 22 मई (वि.प्र.)
मध्य रेलवे सोलापुर मंडल के एक कर्मचारी को महाप्रबंधक सुरक्षा पुरस्कार से सम्मानित किया गया है. मध्य रेलवे के महाप्रबंधक राजीव श्रीवास्तव ने 19 मई 2026 को छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस, मुंबई में आयोजित एक गरिमामय समारोह में सोलापुर मंडल के एक कर्मचारी सहित मध्य रेलवे के कुल 10 कर्मचारियों को मई 2026 महीने के लिए सुरक्षा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया. सोलापुर मंडल के मलिकपेठ में तैनात ट्रैक मेंटेनर भरत गोरख पासले, 14 अप्रैल 2026 को मलिकपेठ यार्ड में काम कर रहे थे. इसी दौरान उन्होंने वहां से गुजर रही एक मालगाड़ी में महॉट एक्सलफ (पहिए के धुरे का अत्यधिक गर्म होना) नोटिस किया. उन्होंने तुरंत तत्परता दिखाते हुए लाल झंडी (लाल संकेत) दिखाकर मालगाड़ी को रुकवाया. इसके बाद उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सूचित किया, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई की गई और एक बड़ा रेल हादसा होने से टल गया. महाप्रबंधक ने कर्तव्य के प्रति इस अनुकरणीय निष्ठा और सतर्कता के लिए पुरस्कार विजेताओं को बधाई दी. उन्होंने वेिशास व्यक्त किया कि इन कर्मचारियों के कार्य अन्य रेलकर्मियों को भी यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे संपत्तियों के संरक्षण के प्रति हमेशा सतर्क और प्रतिबद्ध रहने के लिए प्रेरित करेंगे. इस विशेष अवसर पर मध्य रेलवे के प्रधान मुख्य सुरक्षा अधिकारी चंद्र किशोर प्रसाद सहित अन्य विभागों के प्रमुख और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे.