जन्म प्रमाणपत्र के 10,000 से अधिक दस्तावेज गायब

    24-May-2026
Total Views |
 
 

BMC 
 
मुंबई महानगरपालिका के स्वास्थ्य विभाग से एक बेहद चाैंकाने वाला और गंभीर मामला सामने आया है. बीएमसी के ‘ई’ वार्ड (बायकुला/भालचंद्र) कार्यालय से जन्म और मृत्यु पंजीकरण से जुड़े 10,000 से अधिक महत्वपूर्ण मूल दस्तावेज गायब हाे गए हैं. इस बड़ी लापरवाही के सामने आने के बाद बीएमसी प्रशासन में हड़कंप मच गया है और मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं. यह मामला तब प्रकाश में आया जब नागरिकाें ने अपने पुराने जन्म प्रमाणपत्राें में नाम सुधारने या नए सर्टिफिकेट के लिए आवेदन किया. जब विभाग के अधिकारियाें ने रिकाॅर्ड रूम में संबंधित दस्तावेजाें की फाइलें ढूंढनी शुरू कीं, ताे वर्ष 1993 से 2011 के बीच के हजाराें दस्तावेज गायब मिले. शुरुआती जांच में पता चला है कि ‘ई’ वार्ड के स्वास्थ्य विभाग के पास उपलब्ध कुल फाइलाें में से लगभग 10,611 दस्तावेज रिकाॅर्ड से पूरी तरह नदारद हैं.नागरिकाें काे हाे रही भारी परेशानी दस्तावेज गायब हाेने का सीधा असर आम जनता पर पड़ रहा है. पासपाेर्ट बनवाने, स्कूल-काॅलेज में एडमिशन लेने, एलआईसी क्लेम करने या कानूनी कामाें के लिए जिन लाेगाें काे अपने जन्म प्रमाणपत्र की आवश्यकता है, उन्हें बीएमसी दफ्तर के चक्कर काटने पड़ रहे हैं. अधिकारियाें द्वारा रिकाॅर्ड न मिलने की बात कहे जाने के बाद कई नागरिकाें ने बीएमसी प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की है.