भव्य श्री राम कथा महोत्सव श्रद्धापूवर्क शुरू

कलश यात्रा, जय श्रीराम के उद्घोष और भक्ति रस से राममय हुआ पूरा विश्रांतवाड़ी क्षेत्र

    24-May-2026
Total Views |
 
bfb
विश्रांतवाड़ी, 23 मई (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)

विश्रांतवाड़ी क्षेत्र में आयोजित भव्य श्री राम कथा महोत्सव का शुभारंभ श्रद्धा, उत्साह और भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ. प्रथम दिवस पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही, जिससे पूरा वातावरण राममय हो उठा. कार्यक्रम की शुरुआत श्री राम मंदिर, विश्रांतवाड़ी से निकली भव्य श्री राम कथा कलश यात्रा से हुई, जो विभिन्न मार्गों से होती हुई तिरुपति मंगल कार्यालय पहुंची. महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर यात्रा में शामिल हुई. जबकि युवाओं और बच्चों ने भगवा ध्वज, भजन-कीर्तन और जय श्रीराम के उद्घोषों से पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया. कलश यात्रा के पश्चात वैदिक मंत्रोच्चार, दीप प्रज्वलन और व्यासपीठ पूजन के साथ कथा महोत्सव का शुभारंभ हुआ. सुप्रसिद्ध कथावाचक पूज्य पंडित देवेंद्र शास्त्रीजी ने अपने मधुर और ओजस्वी प्रवचनों से श्रद्धालुओं को भक्ति, संस्कार और सदाचार का संदेश दिया. कथा में सद्गुरू महात्म्य, गुरु वंदना, श्रीरामचरितमानस की महिमा, मानव जीवन का उद्देश्य, राम नाम की महिमा और भगवान श्रीराम के अवतार से जुड़े प्रेरणादायक प्रसंगों का सुंदर वर्णन किया गया. इस पावन आयोजन के मुख्य यजमान के रूप में भरतराज सूरजभानजी गोयल एवं सौ. प्रीतम भरतराजजी गोयल उपस्थित रहे. वहीं प्रथम दिवस के महाभंडारा सेवा यजमान विनोद प्रीतमकुमार अग्रवाल परिवार की ओर से श्रद्धालुओं के लिए भव्य महाभंडारे का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में विश्रांतवाडी अग्रवाल समाज के अनेक गणमान्य सदस्य, वरिष्ठजन, महिला मंडल, युवा वर्ग और सामाजिक कार्यकर्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे. आयोजन समिति के राजेश प्रेमचंद अग्रवाल ने सभी श्रद्धालुओं से आगामी दिनों में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर श्रीराम कथा श्रवण का लाभ लेने की अपील की.