स्वास्थ्य शिविर का 18 हजार लोगों ने लिया लाभ

जय गणेश रुग्णसेवा अभियान के तहत एक दिवसीय आयोजन जिले के 90 अस्पतालों व संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने दीं सेवाएं

    25-May-2026
Total Views |

grfv


बुधवार पेठ, 24 मई (आ.प्र.)
जय गणेश रुग्णसेवा अभियान के तहत शनिवार को आयोजित एक दिवसीय महा स्वास्थ्य शिविर में रिकॉर्ड 18 हजार 631 लोगों की जांच और उपचार किया गया. इस दौरान 137 विभिन्न प्रकार की जांच करते हुए आवश्यक दवाइयों और स्वास्थ्य सामग्री का वितरण किया गया. इसके लिए पुणे जिले के 90 अस्पतालों और संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने शिविर में लगातार 9 घंटे तक अपनी सेवाएं दीं. मानव सेवा का महामंदिर साकार करते हुए ‌‘रोगी सेवा ही ईेशर सेवा है‌’ के संकल्प के साथ कार्यरत, श्रीमंत दगडूसेठ हलवाई सार्वजनिक गणपति ट्रस्ट और सुवर्णयुग तरुण मंडल द्वारा इस शिविर का आयोजन किया गया था. श्रीमंत थोरले बाजीराव पेशवे मार्ग स्थित नू.म.वि. प्रशाला और जूनियर कॉलेज में आयोजित शिविर का उद्घाटन वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. रघुनाथ माशेलकर और विधायक हेमंत रासने ने किया. इस अवसर पर कसबा विश्रामबाग क्षेत्रीय कार्यालय की डॉ. अंजलि तिलेकर, डॉ. संजीव डोले, डॉ. संदेश पटवर्धन, ट्रस्ट के अध्यक्ष सुनील रासने, उपाध्यक्ष डॉ. रामचंद्र उर्फ बालासाहेब परांजपे, माणिक चव्हाण, कोषाध्यक्ष महेश सूर्यवंशी, सहसि चव अमोल केदारी, उत्सव प्रमुख अक्षय गोडसे, सुवर्णयुग तरुण मंडल के अध्यक्ष प्रकाश चव्हाण सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे.  
 
विकसित भारत के लिए स्वस्थ नागरिक आवश्यक

 डॉ. रघुनाथ माशेलकर ने कहा कि यदि स्वास्थ्य जांच सही समय पर हो जाए, तो बाद में होने वाले दुष्प्रभावों से बचा जा सकता है. एक विकसित, संतुलित, समृद्ध, सुशिक्षित और सक्षम भारत के निर्माण के लिए, ऐसे शिविरों और रोगी सेवा के माध्यम से ट्रस्ट द्वारा किया जा रहा कार्य अत्यंत आशाजनक है. विधायक हेमंत रासने ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए हर नागरिक का स्वस्थ होना आवश्यक है. नागरिक स्वस्थ रहें, इसी दृष्टिकोण से ट्रस्ट द्वारा स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रही हैं.  
 
मोबाइल डिस्पेंसरी का लोकार्पण किया गया

इस दौरान गणमान्य व्यक्तियों के हाथों ट्रस्ट की ओर से एक मोबाइल डिस्पेंसरी का लोकार्पण भी किया गया. ट्रस्ट के चिकित्सा विभाग प्रमुख राजेंद्र परदेशी और उनके सहयोगियों ने शिविर के नियोजन में विशेष योगदान दिया. महाआरोग्य शिविर के लिए लगभग 15 हजार नागरिकों ने पंजीकरण किया था. महाराष्ट्र सरकार के स्वास्थ्य विभाग और पुणे मनपा की विभिन्न योजनाओं का लाभ कैसे उठाया जाए, इसकी जानकारी भी दी गई.