मुंबई हवाई अड्डे पर 11 कराेड़ की काेकीन जब्त पुलिस ने चार विदेशी नागरिकाें काे लिया कब्जे में

    26-May-2026
Total Views |
 
 

airport 
 
 
राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर दाे अलग-अलग अभियानाें में करीब 11.25 कराेड़ रुपये मूल्य की 2.25 किलाेग्राम काेकीन जब्त की है. इस अंतरराष्ट्रीय तस्करी के सिलसिले में चार विदेशी नागरिकाें काे गिरफ्तार किया गया है.डीआरआई अधिकारियाें काे इथियाेपिया के अदीस अबाबा से आ रहे इन संदिग्ध यात्रियाें के संबंध में पुख्ता खुफिया जानकारी मिली थी, जिसके आधार पर हवाई अड्डे पर इन्हें राेका गया. पूछताछ के दाैरान आराेपियाें ने स्वीकार किया कि उन्हाेंने भारत में तस्करी के उद्देश्य से नशीले पदार्थाे से भरे कैप्सूल निगल लिए थे. इसके बाद आराेपियाें काे तुरंत एक सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डाॅक्टराें ने चिकित्सा प्रक्रिया के माध्यम से उनके शरीर से काेकीन से भरे कैप्सूल बरामद किए. 22 मई काे चलाए गए पहले अभियान में एक पुरुष और एक महिला के शरीर से करीब 7 कराेड़ रुपये मूल्य की 1.40 किलाेग्राम काेकीन (84 कैप्सूल) बरामद हुई. वहीं, 19 मई काे हुए दूसरे अभियान में एक अन्य अफ्रीकी जाेड़े के शरीर से लगभग 4.25 कराेड़ रुपये मूल्य की 850 ग्राम काेकीन (63 कैप्सूल) निकाली गई.