बांग्लादेश में साेमवार तड़के एक प्रमुख राजमार्ग पर लाेहे की छड़ाें से लदा एक ट्रक पलट जाने से 15 लाेगाें की माैत हाे गई और 10 अन्य घायल हाे गए. यह दर्दनाक हादसा उस समय हुआ, जब लाेग ईद-उल-अजहा की 10 दिवसीय छुट्टियाें के लिए अपने गृहनगराें की ओर जा रहे थे.बांग्लादेश में साेमवार से ईद-उल-अजहा की 10 दिवसीय छुट्टियां शुरू हुई हैं. लाेग त्याेहार के लिए अपने घराें की ओर जा रहे हैं, जिससे बसें, ट्रेनें और नाैकाएं खचाखच भरी हुई हैं. गरीब लाेग अक्सर कम लागत के कारण या नियमित यात्री वाहनाें में टिकट न मिलने पर ट्रकाें से यात्रा करते हैं.
स्थानीय अग्निशमन केंद्र के प्रभारी अताउर रहमान ने बताया कि यह दुर्घटना जमुना पुल के पूर्वी हिस्से में हुई, जाे बांग्लादेश के उत्तर-पश्चिमी हिस्से काे मध्य भाग से जाेड़ता है. उन्हाेंने यह भी बताया कि घायलाें काे आसपास के इलाकाें के लाेगाें की मदद से स्थानीय स्वास्थ्य सुविधा केंद्र में ले जाया गया. स्थानीय पुलिस केअनुसार, ट्रक में लाेहे की छड़ाें के साथ-साथ कुछ यात्री भी सवार थे. चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खाे दिया, जिसके कारण ट्रक तांगइल के कलिहाटी उप-जिले में पलट गया. तांगइल की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक फाैजिया हबीब खान ने बताया कि ट्रक चट्टाेग्राम के दक्षिण-पूर्वी बंदरगाह शहर से उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र की ओर जा रहा था.यह संभव है कि ईद की भीड़ के कारण पीड़ित रास्ते में अलग-अलग जगहाें से ट्रक में सवार हुए हाें.