गंगाधाम, 26 मई (आ.प्र.) पुणे के गंगा धाम चौक स्थित जय जिनेन्द्र प्रतिष्ठान, नाजुश्री द्वारा आयोजित जैन यूथ क्रिकेट लीग 2026 का भव्य समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह उत्साह, खेल भावना एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ. इस क्रिकेट महोत्सव में कुल 24 टीमों ने भाग लिया, जिनमें 16 पुरुष एवं 8 महिला टीमों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया. महिला वर्ग के फाइनल मुकाबले में लोढा इवेंट चैंपियन और नाकोडा थंडर आमने-सामने थीं. पहले बल्लेबाजी करते हुए लोढा इवेंट चैंपियन ने 8 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 111 रन बनाए. जवाब में नाकोड़ा थंडर की टीम 8 ओवर में 5 विकेट खोकर 69 रन ही बना सकी और लोढा इवेंट चैंपियन ने शानदार जीत दर्ज की. महिला वर्ग में रिती परमार को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच, बेस्ट बैट्समैन एवं बेस्ट बॉलर का पुरस्कार प्राप्त हुआ. पुरुष वर्ग के फाइनल में अरिहंत स्ट्राइकर और 1 XL टीम के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ. पहले बल्लेबाजी करते हुए 1XL की पूरी टीम 7.4 ओवर में 46 रन पर सिमट गई. लक्ष्य का पीछा करते हुए अरिहंत स्ट्राइकर ने 5.4 ओवर में 1 विकेट खोकर 47 रन बनाते हुए मैच अपने नाम किया. पुरुष वर्ग में सिद्ध जोधावत को मैन ऑफ द मैच, आगम शाह को बेस्ट बैट्समैन एवं मैन ऑफ द सीरीज, चेतन जैन को बेस्ट बॉलर चुना गया. सभी पुरस्कार कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं प्रायोजक नरेश राठौड एवं सुनीता राठौड (राठौड ज्वेलर्स) द्वारा प्रदान किए गए. प्रतियोगिता की ट्रॉफी संतोष जैन द्वारा प्रदान की गई. क्रिकेट लीग का आयोजन आगे भी प्रत्येक वर्ष किया जाएगा. संस्था के प्रमुख अचल जैन ने सभी खिलाड़ियों, प्रायोजकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया.