कोरेगांव पार्क पुलिस स्टेशन में जागरूकता अभियान

    28-May-2026
Total Views |

bfsb


कोरेगांव पार्क, 27 मई (आ.प्र.)

वेिश आपातकालीन दिवस के अवसर पर रूबी हॉल क्लीनिक द्वारा कोरेगांव पार्क पुलिस स्टेशन में पुलिस कर्मियों के लिए एक विशेष स्वास्थ्य जागरूकता और आपातकालीन तैयारी अभियान का आयोजन किया गया. इस अनूठे उपक्रम का मुख्य उद्देश्य आपातकालीन स्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया के प्रति जागरूकता बढ़ाना और फ्रंटलाइन पर चौबीसों घंटे तैनात रहने वाले पुलिस अधिकारियों को निवारक स्वास्थ्य सेवा के प्रति सचेत करना था. इस अभियान में लगभग 40 से 50 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया. कार्यक्रम के दौरान चिकित्सा विशेषज्ञों द्वारा आपातकालीन स्थिति में किसी की जान बचाने के लिए दी जाने वाली प्राथमिक चिकित्सा, दुर्घटना या चोट लगने पर तुरंत किए जाने वाले उपाय (फर्स्ट एड) पर व्यावहारिक मार्गदर्शन दिया गया. रूबी हॉल क्लिनिक की मेडिकल टीम द्वारा पुलिस कर्मियों को आपातकालीन प्रतिक्रिया का लाइव प्रदर्शन दिया गया. उपस्थित लोगों को आपातकालीन तैयारी का वास्तविक अनुभव कराने के लिए अस्पताल प्रबंधन की ओर से कार्यक्रम स्थल पर एक आधुनिक एम्बुलेंस, प्रशिक्षित चिकित्सा विशेषज्ञ और नर्सिंग स्टाफ की विशेष तैनाती की गई थी. डॉ. आशीष नंदी ने कहा, किसी भी आपातकालीन या संकट की स्थिति में पुलिस कर्मी ही सबसे पहले मदद के लिए पहुंचने वाले होते हैं. वे अत्यधिक शारीरिक और मानसिक तनाव के बीच अपनी ड्यूटी निभाते हैं. वेिश आपातकालीन दिवस पर आयोजित इस अभियान के जरिए हमारा उद्देश्य उन्हें जीवन रक्षक कौशल सिखाना और आपातकालीन तैयारियों के साथसाथ निवारक स्वास्थ्य सेवा के महत्व को रेखांकित करना था. स्वास्थ्य किट और जागरूकता सामग्री का किया गया वितरण उपस्थित पुलिस कर्मियों के स्वास्थ्य और सुविधा को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम के दौरान फूड पैकेट्स, जूस पैकेट्स और फर्स्ट एड बॉक्स (प्राथमिक चिकित्सा किट) का वितरण किया गया. इसके अलावा, आपातकालीन सेवाओं और समय पर मिलने वाली चिकित्सा सहायता के महत्व को समझाने के लिए पुलिस स्टेशन परिसर में सूचनात्मक स्टैंडीज और जागरूकता साहित्य भी लगाए गए थे.