मुंबई, 27 मई (वि.प्र.)म्हाडा ने नागरिकों की सुविधा के लिए डिजिटल प्रशासन की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. महाराष्ट्र सरकार के जीपीआर 2.0 अभियान के तहत अब लोगों को घर बैठे कई सेवाएं ऑनलाइन मिलेंगी. मुंबई के बांद्रा ईस्ट स्थित म्हाडा मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में म्हाडा के उपाध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजीव जायसवाल ने सीएफसी@होम और विजिटर मैनेजमेंट सिस्टम जैसी नई डिजिटल सुविधाओं का शुभारंभ किया. नई सीएफसीहोम सुविधा के जरिए नागरिक अब अपने घर से ही आवेदन, शिकायतें और जरूरी दस्तावेज ऑनलाइन अपलोड कर सकेंगे. इसके साथ ही लोग अपने आवेदन की स्थिति भी ऑनलाइन ट्रैक कर पाएंगे . फीस भुगतान और अन्य जानकारी भी डिजिटल माध्यम से उपलब्ध होगी. म्हाडा की डिजिटल सर्विसेस, सिटिजन फैसिलिटी सेंटर से आम लोगों को बहुत सहूलियतें होंगी. अब ऑनलाइन मिलेगा अधिकारियों से मिलने का लोगों को अपॉइंटमेंट म्हाडा ने विजिटर मैनेजमेंट सिस्टम भी शुरू किया है. इसके जरिए नागरिक अधिकारियों से मिलने के लिए ऑनलाइन अपॉइंटमेंट बुक कर सकेंगे. अगर कोई अधिकारी मीटिंग में व्यस्त है या छुट्टी पर है, तो इसकी जानकारी भी मोबाइल ऐप पर मिल जाएगी. जरूरत पड़ने पर अपॉइंटमेंट का समय बदला भी जा सकेगा. इससे दफ्तरों के बाहर लंबी लाइनें और घंटों इंतजार की समस्या कम होने की उम्मीद है .
म्हाडा को आधुनिक बनाना है : संजीव जायसवाल
संजीव जायसवाल ने कहा म्हाडा को आधुनिक, पारदर्शी और नागरिक केंद्रित संस्था बनाने के लिए तकनीक का इस्तेमाल जरूरी है. जायसवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नागरिकों के आवेदन और शिकायतों का तेजी से निपटारा किया जाए ताकि लोगों का प्रशासन पर भरोसा मजबूत हो. नागरिकों की सुविधा के लिए एंड्रॉयड मोबाइल पर विजिटर मैनेजमेंट सिस्टम ऐप भी उपलब्ध कराया गया है. इसके जरिए अब लोग आसानी से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और अपॉइंटमेंट बुक कर सकेंगे.