म्हाडा लॉटरी के लिए आवेदन करने का आज अंतिम दिन

डिपॉजिट राशि का भुगतान कल तक किया जा सकेगा

    28-May-2026
Total Views |

vfsb


मुंबई, 27 मई (वि.प्र.)

म्हाडा के मुंबई गृहनिर्माण एवं क्षेत्र विकास मंडल द्वारा घोषित 2,640 आवासों की संगणकीय लॉटरी के लिए आवेदन करने में अब केवल एक दिन शेष बचा हैं . इच्छुक नागरिक 28 मई, 2026 की रात 11:59 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं, जबकि अनामत राशि का भुगतान 29 मई तक किया जा सकेगा. इस लॉटरी को लेकर जनता में भारी उत्साह है; अब तक 84,782 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं, जिनमें से 59,069 आवेदकों ने अपनी अनामत राशि जमा कर दी है . इसके बाद 10 जून को प्रारूप सूची और 16 जून को स्वीकृत आवेदनों की अंतिम सूची म्हाडा की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी . इस बार विशेष रूप से विक्रोली (पूर्व) स्थित कन्नमवार नगर परियोजना के 1,221 आवासों को लेकर जबरदस्त प्रतिसाद मिल रहा है, जिनकी बिक्री कीमतों में म्हाडा ने 7.5 प्रतिशत की कटौती की है . इनमें से 610 आवास विशेष रूप से उच्च आय वर्ग (एचआईजी) के लिए आरक्षित किए गए हैं. इस परियोजना के प्रत्येक लाभार्थी को एक वाहन पार्किंग पूरी तरह निःशुल्क दी जाएगी . इसके अलावा, म्हाडा ने इस परिसर से लगभग 170 अवैध दुकानों को हटाकर क्षेत्र के आधुनिकीकरण और सौंदर्यीकरण को बढ़ावा दिया है . कन्नमवार नगर की इस प्रीमियम परियोजना में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, वर्षा जल संचयन, अत्याधुनिक सुरक्षा व्यवस्था, तीन-स्तरीय पोडियम पार्किंग, जिम और विशाल उद्यान जैसी आधुनिक सुविधाएं दी गई हैं. साथ ही सभी फ्लैट्स में बालकनी, विट्रिफाइड फ्लोरिंग, मॉड्युलर किचन और एलईडी लाइटिंग जैसी प्रीमियम सुविधाएं मौजूद हैं. इस लॉटरी के तहत मुंबई की विभिन्न प्रमुख परियोजनाओं में अत्यल्प, अल्प, मध्यम और उच्च आय वर्ग के लिए घर उपलब्ध कराए गए हैं.