पुणे, 28 मई (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क) डाक विभाग के पुणे शहर पश्चिम मंडल का वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह बुधवार (27 मई) को शाम 6 बजे सावित्रीबाई फुले पुणे वेिशविद्यालय परिसर स्थित जियोलॉजी ऑडिटोरियम में उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ.इस समारोह में वर्ष 2025-26 के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सम्मान किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पुणे क्षेत्र की पोस्टमास्टर जनरल प्रीति अग्रवाल एवं निदेशक डाक सेवाएं अभिजीत बनसोडे उपस्थित थे. कार्यक्रम की शुरुआत में अनघा भूमकर द्वारा भरतनाट्यम की प्रस्तुति दी गयी. पुणे शहर पश्चिम मंडल के अधीक्षक नितिन येवला ने मुख्य अतिथियों का स्वागत किया तथा पुणे शहर पश्चिम मंडल की गतवर्ष की उपलब्धियों का ब्यौरा दिया. व्यवसाय वृद्धि, पीएलआई / आरपीएलआई, डाकघर बचत बैंक, डाक संचालन तथा ग्राहक सेवा क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले कर्मचारीवर्ग एवं महिला बचत एजेंंटों को पुरस्कार प्रदान किए गए. पुणे शहर पश्चिम मंडल में कार्यरत खिलाडियों का भी उनके उपलब्धियों के लिये पुरस्कार से सम्मान किया गया. निदेशक डाक सेवाएं अभिजीत बनसोडे ने, परिमंडल स्तर पुरस्कारों में पुणे शहर पश्चिम मंडल द्वारा प्राप्त सात प्रतिष्ठित पुरस्कारों के लिए बधाई दी. उन्होंने स्पीड पोस्ट व्यवसाय बढ़ाने हेतु विशेष प्रयास करने का मार्गदर्शन भी किया. अपने अध्यक्षीय मार्गदर्शन में पोस्टमास्टर जनरल प्रीति अग्रवाल द्वारा सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों को अपने विभाग के प्रती अपने मन में गर्व की भावना रखने का आहवान किया. वित्तीय समावेशन एवं पार्सल परिवहन व्यवस्था विषयों पर महत्वपूर्ण जानकारी दी. उन्होंने सरल उदाहरण के माध्यम से डाकिया की महत्वपूर्ण भूमिका को स्पष्ट करते हुए सभी डाक कर्मचारियों का उत्साहवर्धन किया. इस अवसर पर प्रीति अग्रवाल ने उल्लेख किया कि महिला प्रधान बचत एजेंट डाक विभाग से जुड़कर वित्तीय समावेशन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं. उन्होंने महिला प्रधान एजेंटों के कार्य की सराहना करते हुए उनके योगदान को प्रेरणादायी बताया. साथ ही, उन्होंने भारतीय डाक विभाग की पार्सल लॉजिस्टिक्स व्यवस्था को भविष्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया. उन्होंने यह भी बताया कि डाक सेवाओं के माध्यम से सही मायने जनता की सेवा की जा सकती है और उनके विकास में योगदान दिया जा सकता है. अंत में उन्हौंने सभी पुरस्कार विजेताओं को बधाई देते हुए और अच्छा कार्य करने के लिये प्रेरित किया. सिद्धार्थ हराले ने आभार व्यक्त किया.