शुक्रवार पेठ, 2 मई (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क) जिस उम्र में लोग विश्राम करते हैं, उस उम्र में भी अपने कठिन परिश्रम से बाजार को जीवंत रखने वाले एक वरिष्ठ श्रमिक का विशेष सम्मान शुक्रवार पेठ में व्यापारी महामंडल की ओर से किया गया. इस अवसर पर बाजार में पिछले 70 वर्षों से हाथगाड़ी खींचने का काम करने वाले गुणाजी कालुराम खोपड़े (उम्र-85 वर्ष) को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया. व्यापारी महामंडल के अध्यक्ष सुरेश जैन और सभी पदाधिकारियों की उपस्थिति में गुरुवार (30 अप्रैल) को यह समारोह संपन्न हुआ. इस दौरान प्रवीण जैन, संजय परमार, दीपक जैन, चेतन पटेल, लालजी पटेल, अशोक सारडा सहित बाजार के कई गणमान्य व्यापारी उपस्थित थे. गौरतलब है कि, गुणाजी खोपड़े ने 15 वर्ष की आयु से बाजार में हमाल के रूप में काम करना शुरू किया था. आज 85 वर्ष की आयु पूरी होने के बावजूद, उनकी काम के प्रति निष्ठा रत्ती भर भी कम नहीं हुई है. महामंडल के अध्यक्ष सुरेश जैन ने कहा कि, गुणाजी काका केवल एक मजदूर नहीं हैं, बल्कि वे इस बाजार का चलता-फिरता इतिहास हैं. उनकी ईमानदारी और मेहनत से कई व्यापारियों को बड़ा आधार मिला है.