दादोजी कोंडदेव व राम गणेश गड़करी की प्रतिमाओं की पुनर्स्थापना करें

सकल ब्राह्मण समाज के पदाधिकारियों के प्रतिनिधि मंडल ने महापौर मंजूषा नागपुरे को मांग का ज्ञापन सौंपा

    30-May-2026
Total Views |
 
bfb  
शिवाजीनगर, 29 मई (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)

गुरुवर्य दादोजी कोंडदेव तथा वरिष्ठ नाटककार राम गणेश गड़करी की प्रतिमाओं का सम्मानपूर्वक पुनर्स्थापन किया जाए, इस मांग को लेकर सकल ब्राह्मण समाज की ओर से पुणे की महापौर मंजूषा नागपुरे से भेंट कर उन्हें ज्ञापन सौंपा गया. इस अवसर पर भालचंद्र कुलकर्णी, विश्वजीत देशपांडे, संदीप खर्डेकर, मंदार रेडे, वेिशनाथ भालेराव, मकरंद माणकिकर, मनोज तारे, तृप्ति तारे सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे. सकल ब्राह्मण समाज द्वारा दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि पुणे मनपा के छत्रपति संभाजी उद्यान में हाल ही में छत्रपति संभाजी महाराज की प्रतिमा का उद्घाटन मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हाथों किया गया. शंभूराजे की तेजस्वी और आकर्षक प्रतिमा स्थापित किए जाने पर महापौर का अभिनंदन किया गया है. किन्तु कुछ माह पूर्व सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के कारण छत्रपति संभाजी उद्यान स्थित वरिष्ठ नाटककार राम गणेश गडकरी की प्रतिमा हटाई गई थी. संयुक्त महाराष्ट्र आंदोलन के नेता आचार्य प्र. के. अत्रे ने यह प्रतिमा संभाजी उद्यान में स्थापित की थी. इसलिए राम गणेश गडकरी की प्रतिमा का शहर में किसी उपयुक्त स्थान पर सम्मानपूर्वक पुनर्स्थापन किया जाए, ऐसी मांग की गई है. इसी प्रकार, लाल महल परिसर में स्थित गुरुवर्य दादोजी कोंडदेव की प्रतिमा को भी कुछ वर्ष पूर्व सामाजिक असंतोष के कारण हटाया गया था. वर्तमान में यह प्रतिमा सिंहगढ़ मार्ग स्थित पु. ल. देशपांडे उद्यान में उपेक्षित अवस्था में पड़ी होने का दावा ज्ञापन में किया गया है. इस प्रतिमा को भी पुणे शहर में किसी उपयुक्त स्थान पर पुनः सम्मानपूर्वक स्थापित किया जाए, ऐसी मांग सकल ब्राह्मण समाज इसमें की गई है. ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि पुणे शहर की लगभग 35 ब्राह्मण संस्थाएं और संगठन सकल ब्राह्मण समाज से संबद्ध हैं. शहर में विभिन्न महापुरुषों की जयंती और पुण्यतिथि के अवसर पर मनपा द्वारा संबंधित प्रतिमाओं के निकट सम्मानपूर्वक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं. उसी प्रकार दादोजी कोंडदेव और राम गणेश गड़करी की प्रतिमाओं का भी सम्मान बनाए रखते हुए उनका पुनर्स्थापन किया जाए, ऐसी आग्रहपूर्ण मांग ज्ञापन के माध्यम से की गई है.