दाभाड़े, 5 मई (आ.प्र.) शिक्षा के क्षेत्र में टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल बढ़ाने के लिए राज्य सरकार की अहम पहल के अंतर्गत पीएमश्री संत ज्ञानेश्वर प्राइमरी स्कूल नंबर-6 के लिए मंजूर एआई लैब (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस लेबोरेटरी) तैयार है और आने वाले शैक्षणिक वर्ष से छात्रों को एआई कौशल का मुफ्त प्रशिक्षण दिया जाएगा, यह जानकारी तलेगांव दाभाड़े नगर परिषद शिक्षा बोर्ड के मुख्याधिकारी गिरीश दापकेकर और प्रशासन अधिकारी अनिता वैद्य ने दी. सरकार द्वारा चुने गए राज्य के तीन स्कूलों में से पीएमश्री संत ज्ञानेश्वर पुणे जिले का एकमात्र स्कूल है जो इस पहल में शामिल है, जिसे स्कूल शिक्षा विभाग और एचपी इंडिया मिलकर लागू कर रहे हैं और यह गर्व की बात है, प्रशासन अधिकारी अनिता वैद्य ने कहा. राज्य सरकार के उपसचिव तुषार महाजन ने इस बारे में एक सर्कुलर जारी किया है. इसी के अंतर्गत एक एआई लैब बनाई गई है. इस लैब से छात्रों को आधुनिक तकनीक, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), डेटा एनालिसिस जैसे विषयों का प्रायोगिक ज्ञान मिलेगा. उन्होंने कहा कि इसके लिए विज्ञान-तकनीक पर आधारित इंग्लिश लिंग्विस्टिक्स कक्षा शुरू करने की भी कोशिश की जा रही है. प्रधानाध्यापक संजय चांदे, शिक्षक डॉ. संतोष शिंदे, अनिल गाभणे, लहू पिंपले, जालिंदर पाचपुते, संतोष बच्चे, हर्षाली शेलार और सविता खेंगरे की मौजूदगी में इस लैब में प्रणाली को हाल ही में मानोशी डे, डॉ. रितुपर्णा मटकर और नवीन चावला जैसे एआई विशेषज्ञ ने सफलतापूर्वक टेस्ट किया.