पुणे, 5 मई (आ.प्र.) महावितरण की कार्यकारी निदेशक (सुरक्षा एवं प्रवर्तन) अपर्णा गिते को उनकी उत्कृष्ट सेवा के लिए पुलिस महानिदेशक पदक से सम्मानित किया गया है. गीते ने अपने पुलिस करियर में एक अत्यंत कर्तव्यनिष्ठ, ईमानदार और अनुशासित अधिकारी के रूप में अपनी पहचान बनाई है. कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथसाथ जनहित में उनके महत्वपूर्ण योगदान को देखते हुए उन्हें इस पदक से नवाजा गया है. महावितरण में कार्यकारी निदेशक (सुरक्षा एवं प्रवर्तन) का पदभार संभालने के बाद से, उन्होंने बिजली चोरी रोकने, प्रवर्तन एवं सुरक्षा तंत्र में समन्वय स्थापित करने और विभाग में अनुशासित कार्यक्षमता लाने के लिए प्रभावी कदम उठाए हैं. उनके नेतृत्व में प्रवर्तन एवं सुरक्षा विभाग ने कई महत्वपूर्ण अभियानों को सफलतापूर्वक पूरा किया है.