बुधवार पेठ, 5 मई (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)
अंगारकी संकष्टी चतुर्थी पर मंगलवार (5 मई) को श्रीमंत दगडूसेठ हलवाई गणपति मंदिर को ‘दक्षिण भारतीय’ पद्धति की पुष्प सज्जा से सजाया गया. मंदिर के पायदान से लेकर शिखर तक रंग-बिरंगे फूलों की मनमोहक सजावट की गई थी. शिखर पर फूलों के माध्यम से विभिन्न देवी-देवताओं की आकृतियां भी उकेरी गई थीं. चतुर्थी के निमित्त भक्तों ने तड़के से ही गणराया के दर्शन के लिए भारी भीड़ लगाई थी. श्रीमंत दगडूसेठ हलवाई सार्वजनिक गणपति ट्रस्ट और सुवर्णयुग तरुण मंडल की ओर से मंदिर में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया. तड़के 3 बजे ‘ब्रह्मणस्पती सूक्त अभिषेक’ संपन्न हुआ. इसके पश्चात सुबह और दोपहर के सत्र में ‘गणेश यागफ’ का भी आयोजन किया गया था. ट्रस्ट के अध्यक्ष सुनील रासने ने जानकारी दी कि इस विशेष पुष्प सज्जा के लिए केवल देसी फूलों का उपयोग किया गया है.