बिबवेवाड़ी , 7 मई (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क) कर्मचारियों का स्वास्थ्य अच्छा रहे, उन्हें अच्छी वैद्यकीय सुविधाएं मिलें, यही सरकार का मुख्य उद्देश्य है. साथ ही राज्य के विभिन्न जिलों में औद्योगिक क्षेत्र का भी विस्तार बडे पैमाने पर हो रहा है, इसलिए राज्य के सभी जिलों में ईएसआईसी का अस्पताल शुरू करने का राज्य सरकार का प्रयास है, यह जानकारी कामगार मंत्री आकाश फुंडकर ने दी. बिबवेवाडी स्थित कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल द्वारा वार्षिक निवारक स्वास्थ्य जांच शिविर के उद्घाटन समारोह में फुंडकर बोल रहे थे. इस अवसर पर राज्यमंत्री माधुरी मिसाल, ईएसआईसी आयुक्त रमेश चव्हाण, ईएसआईसी उप चिकित्सा आयुक्त डॉ. सुपर्णा पोपली, ईएसआईसी की क्षेत्रीय निदेशक अभिलाषा झा, बिबवेवाडी स्थित उप क्षेत्रीय कार्यालय के प्रभारी निदेशक सुकांत चंद्र दास, अस्पताल के डीन डॉ.प्रदीप गायकवाड, चिकित्सा अधीक्षक डॉ.विभूति अंबावडे आदि मंच पर उपस्थित थे. भारतीय श्रमिकों के लिए विकास का नया अध्याय, नए श्रम संहिताओं के अंतर्गत शुरू किया गया है. 40 वर्ष और उससे अधिक उम्र के सभी कर्मचारियों को एक साल के लिए मुफ्त में स्वास्थ जांच कराई जा रही है. यह वार्षिक स्वास्थ्य जांच निःशुल्क है. केंद्रीय कामगार मंत्री मनसुख मांडविया ने नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में स्वास्थ्य जांच शिविर का उद्घाटन किया. देशभर में 11 ईएसआईसी अस्पतालों में इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कामगार मंत्री आकाश फुंडकर ने कहा कि, कर्मचारियों को कोई भी बीमारी होने से पहले ही उनकी स्वास्थ्य जांच कराई जाए यह सरकार की मन्शा है. केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों द्वारा कर्मचारियों का स्वास्थ अच्छा रहे इसलिए हम प्रयासरत हैं. बिबवेवाडी में भी अब 500 बेड का अस्पताल जल्द ही शुरू किया जाएगा. राज्यमंत्री माधुरी मिसाल ने कहा कि, औद्योगिक क्षेत्र में कर्मचारियों को दुर्घटना होती है, उनके इलाज के लिए प्राइवेट अस्पताल और डॉक्टर्स की मदत लेने के लिए सरकार सकारात्मक विचार करे. क्योंकि अनेक प्राइवेट अस्पताल और डॉक्टर सेवा मुफ्त देने के लिए तैयार हैं.