धनकवड़ी, 8 मई (आ.प्र.) विख्यात पत्रकार राजदीप सरदेसाई को पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके बहुमूल्य योगदान के लिए ‘डॉ. पतंगराव कदम स्मृति पुरस्कार’ देने की घोषणा की गई है. भारती विद्यापीठ के 62वें स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर रविवार (10 मई) को सुबह 9.30 बजे भारती विद्यापीठ शैक्षणिक परिसर (सातारा रोड, धनकवड़ी) में आयोजित कार्यक्रम में सरदेसाई को इस पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा. यह जानकारी भारती विद्यापीठ के कार्यवाहक डॉ. वेिशजीत कदम ने दी. कार्यक्रम में राज्य के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे और उनके हाथों भारती विद्यापीठ कॉलेज ऑफ फाइन आर्ट्स की विस्तारित इमारत का उद्घाटन किया जाएगा. मुख्य अतिथि और राज्य के स्कूली शिक्षा मंत्री दादा भुसे के हाथों भारती विद्यापीठ के मुखपत्र ‘विचार भारती’ के वर्षगांठ विशेषांक का विमोचन किया जाएगा. उन्होंने बताया कि, पिछले 61 वर्षों में भारती विद्यापीठ ने देश के शैक्षिक, सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक विकास में जो योगदान दिया है, वह अत्यंत बहुमूल्य है. स्थापना दिवस कार्यक्रम में कार्याध्यक्ष आनंदराव पाटिल, कुलाधिपति प्रो. डॉ. शिवाजीराव कदम, उपाध्यक्ष डॉ. इंद्रजीत मोहिते, कुलपति डॉ. विवेक सावजी, डॉ. अस्मिता जगताप समेत गणमान्य उपस्थित रहेंगे.