कोथरुड, 31 मई (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)इलेक्ट्रिक मोबिलिटी में लेटेस्ट टेक्नोलॉजी के अध्ययन के लिए एमआईटी वर्ल्ड पीस यूनिवर्सिटी में सेंटर फॉर एक्सीलेंस इन इलेक्ट्रिक व्हीकल्स बनाया गया है. इलेक्ट्रिक व्हीकल्स और उससे जुड़ी टेक्नोलॉजी के फील्ड को बेहतर बनाने के लिए रिसर्च, डेवलपमेंट और स्किल डेवलपमेंट पर यहां ज्यादा फोकस किया जा रहा है. साथ ही, 3 सफल स्टार्टअप और 45 अलग-अलग स्टार्टअप टीबीआई सेंटर पर काम कर रहे हैं. यह सेंटर उन लोगों को हर मुमकिन मदद देगा जो अपना स्टार्टअप सफलतापूर्वक शुरू करना चाहते हैं. यह जानकारी माइर्स एमआईटी के फाउंडर और सेंटर फॉर एक्सीलेंस इन इलेक्ट्रिक व्हीकल्स के डायरेक्टर प्रो. प्रकाश जोशी ने पत्रकारवार्ता में दी. इस मौके पर एमआईटी टीबीआई के सीइओ प्रसाद गोरे, ईएंडटीसी डिपार्टमेंट के हेड प्रो.डॉ. पारुल जाधव और एसोसिएट प्रो.साकेत येवलेकर मौजूद थे. सेंटर को एमआईटी वर्ल्ड पीस यूनिवर्सिटी के इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट द्वारा चलाया जा रहा है. इस पहल का उद्देश्य एकेडमिक ज्ञान और तेजी से विकसित हो रही इलेक्ट्रिक व्हीकल इंडस्ट्री के बीच की खाई को पाटना है. प्रो. जोशी ने कहा इसका उद्देश्य इंडस्ट्री और एकेडमिक संस्थानों के बीच सहयोग को बढ़ावा देना और ईवी टेक्नोलॉजी के बारे में जागरूकता बढ़ाना भी है. डॉ. पारुल जाधव ने कहा, यह सेंटर ईवी सेक्टर में प्रोजेक्ट डेवलपमेंट, कोलेबोरेटिव रिसर्च, करियर काउंसलिंग, स्टूडेंट्स और प्रोफेसर्स की ट्रेनिंग, इंडस्ट्रीज के साथ कंसल्टेशन, स्टार्टअप सपोर्ट और रिसर्च एंड डेवलपमेंट पर खास काम कर रहा है. इस सेंटर के जरिए, स्टूडेंट्स व रिसर्चर्स को एक इनोवेटिव सिस्टम खोजने, डिजाइन करने और डेवलप करने के लिए बढ़ावा दिया जाता है.